नेशनल हाईवे पर कच्चा पहाड़ (व्यंग्य)

landslide
ANI
संतोष उत्सुक । Mar 18 2025 1:08PM

बेहद चुस्त अदाकारों की तरह उन दोनों में से एक ने, कुछ देर पहले आई एक वीडियो पृष्ठभूमि में दिखाते हुए, महत्त्वपूर्ण खबर बतानी शुरू की, मुख्य मार्ग यानी नेशनल हाइवे पर बड़ा पहाड़ भरभराकर गिर गया है। पहाड़ का बड़ा हिस्सा नेशनल हाईवे पर गिर गया।

राष्ट्रीय चैनल के शानदार, चमकदार, आकर्षक और प्रभावशाली स्टूडियो में ख़बरें दिखाने का कार्यक्रम चल रहा है। एक महिला और पुरुष युगल समाचार पेश कर रहे हैं। उनका कर्तव्य है कि जानदार शैली में ख़बरें दिखाकर और सुनाकर श्रोताओं को अपने वश में कर लें ताकि दर्शक उनका चैनल देखते रहें। दोनों प्रस्तुतकर्ताओं ने आंखों को खोल देने वाले रंगों में डिज़ाइन किए हुए वस्त्र धारण किए हुए हैं। तकनीकी कुशलता और प्रकाश प्रबंधन में उनके बाल और बॉडी लैंग्वेज यानी अदाएं निर्धारित है। उन्हें पता है खबर के अनुसार कैसे हाव भाव दिखाने हैं। वे जानते हैं कि एक ख़ास खबर को कितना समय देना है, वे उस खबर को उससे कम या ज़्यादा समय नहीं देते। सब कुछ कितना व्यावसायिक है इसलिए व्यवस्थित है।  

बेहद चुस्त अदाकारों की तरह उन दोनों में से एक ने, कुछ देर पहले आई एक वीडियो पृष्ठभूमि में दिखाते हुए, महत्त्वपूर्ण खबर बतानी शुरू की, मुख्य मार्ग यानी नेशनल हाइवे पर बड़ा पहाड़ भरभराकर गिर गया है। पहाड़ का बड़ा हिस्सा नेशनल हाईवे पर गिर गया। बारिशों का मौसम नहीं है फिर भी भारी भूस्खलन हुआ है। कच्चे पहाड़ का बहुत बड़ा हिस्सा आ गिरा है। पूरा का पूरा, बड़ा पहाड़, सात सेकिंड में नेशनल हाईवे पर आ गया। अगर यह कच्चा पहाड़ नेशनल हाईवे पर नहीं गिरता तो यह खबर राष्ट्रीय स्तर की खबर नहीं हो सकती थी।

इसे भी पढ़ें: अच्छाई पर बुराई की जीत (व्यंग्य)

पुरुष प्रस्तोता ने अच्छे से समझाया कि वीडियो में पानी के बहाव की तरह पहाड़ का पूरा हिस्सा कैसे नीचे आ रहा है। किस तरह यह पहाड़ पांच छ सेकिंड में, नेशनल हाईवे पर आ गया। रास्ता बंद हो गया है।  आवाजाही में दिक्कत हो रही है। नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया है। कह नहीं सकते कितने समय में यह मलबा साफ़ किया जाएगा और नेशनल हाईवे पर आने जाने वालों को राहत मिलेगी।  

यह सूखा पहाड़ है भरभराकर नीचे आ रहा है। यह फिर से देखिए कैसे नीचे आ गया। नेशनल हाईवे पर कुछ ही सेकिंड में गिरता हुआ पहाड़ दूर से ऐसे दिखता है जैसे किसी नदी की धारा बहते हुए आ रही है। 

गनीमत यह रही कि राष्ट्रीय महत्ता के इस मार्ग पर फिसलते हुए पहाड़ से, आम लोग एक दम दूर हो गए और कोई हताहत नहीं हुआ। उस समय कोई गणमान्य व्यक्ति इस मार्ग की तरफ नहीं आ रहा था। नेशनल हाइवे पर यह कच्चा पहाड़ अचानक गिरने से लोगों के तन और मन में दहशत का माहौल बन गया है। अभी समय बाक़ी था तो बार बार दिखाई गई वीडियो फिर से दिखाई गई और फिर बताया गया कि नेशनल हाईवे पर कच्चा पहाड़ गिर गया है। पर्यावरण बारे कुछ भी कहना खबर के सिलेबस में शामिल नहीं था।

- संतोष उत्सुक

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़