Live

Parliament Session 2024 Live Updates । सेंगोल पर छिड़ा नया विवाद, राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण ने क्या कुछ कहा?

President Droupadi Murmu
X

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गठित नयी सरकार के आने वाले बजट की ओर संकेत करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट भविष्योन्मुखी दस्तावेज होगा, सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गठित नयी सरकार के आने वाले बजट की ओर संकेत करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट भविष्योन्मुखी दस्तावेज होगा, सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि उत्पादों के भंडारण की दिशा में काम कर रही है तथा कृषि उपजों के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) बढ़ाया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया भर में जैविक उत्पादों की मांग बढ़ रही है और भारतीय किसान इस मांग को पूरा करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के संकल्प ने भारत को दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना दिया है। उन्होंने कहा किभारत ने कई वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए हैं।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

Jun 27, 2024

16:45

अभिभाषण की प्रति लोकसभा के पटल पर रखी गई, कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के बाद उनके अभिभाषण की प्रति बृहस्पतिवार को लोकसभा के पटल पर रखी गई और फिर सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Jun 27, 2024

16:44

भारत विश्वबंधु के रूप में दुनिया को नया भरोसा दे रहा है : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘‘भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारा’’ (आईएमईसी) 21वीं सदी के ‘‘सबसे बड़े परिवर्तनकारी कारकों’’ (गेमचेंजर) में से एक साबित होगा। मुर्मू ने यह भी कहा कि 21वीं सदी के इस तीसरे दशक में आज ‘ग्लोबल ऑर्डर’ (वैश्विक अनुक्रम) एक नयी शक्ल ले रहा है और सरकार के प्रयासों से आज भारत ‘विश्वबंधु’ के रूप में दुनिया को नया भरोसा दे रहा है।

Jun 27, 2024

14:11

सरकार दंड की जगह न्याय को प्राथमिकता दे रही, सीएए के तहत नागरिकता मिलना प्रारंभ: मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार संविधान की मूल भावना को ध्यान में रखते हुए ‘दंड’ की जगह ‘न्याय’ को प्राथमिकता दे रही है और एक जुलाई से नये आपराधिक कानूनों को लागू किया जाना इसका परिचायक है। मुर्मू ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत शरणार्थियों को नागरिकता देना शुरू कर दिया है और इससे, देश के बंटवारे से पीड़ित अनेक परिवारों के लिए सम्मान का जीवन जीना तय हुआ है।

Jun 27, 2024

14:10

सरकार पेपर लीक की घटनाओं की जांच करेगी, दोषियों को सजा मिलेगी: राष्ट्रपति मुर्मू

परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की हालिया घटनाओं की जांच कराने और दोषियों को सजा दिलाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी आम बजट में कई ऐतिहासिक कदम उठाये जाएंगे एवं प्रमुख आर्थिक निर्णय लिए जाएंगे।

Jun 27, 2024

14:09

राज्यसभा में छह नए सदस्यों को दिलाई गई सदस्यता की शपथ

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को छह नए सदस्यों ने उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह, झामुमो के डॉ सरफराज अहमद, भाजपा के प्रदीप कुमार वर्मा, बंसीलाल गुर्जर, माया नारोलिया और बालयोगी उमेशनाथ को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई गई।

Jun 27, 2024

12:39

अभिभाषण के संपन्न होने के बाद संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हुई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Jun 27, 2024

12:37

मैं देशवासियों की तरफ से चुनाव आयोग का आभार व्यक्त करती हूं : राष्ट्रपति

Jun 27, 2024

12:35

मेरी सरकार अर्थव्यवस्था के तीनों स्तम्भ-मैन्यूफैक्चरिंग, सर्विसेज और एग्रीकल्चर को बराबर महत्व दे रही है : राष्ट्रपति

Jun 27, 2024

12:34

पिछले 10 वर्षों में मेरी सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हर पहलू पर बहुत जोर दिया गया है : राष्ट्रपति

Jun 27, 2024

12:33

विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश के गरीब,युवा,नारी शक्ति और किसान सशक्त होंगे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

Jun 27, 2024

12:15

राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद में कहा, आपातकाल के दौरान पूरा देश अंधेरे में डूब गया था

आपातकाल के दौरान पूरा देश अंधेरे में डूब गया था, लेकिन देश ऐसी असंवैधानिक शक्तियों को पराजित करने में सफल रहा।

Jun 27, 2024

12:13

सभी सदस्यों के लिए जनता का हित सर्वोपरि होना चाहिए: राष्ट्रपति मुर्मू

नीतियों का विरोध करना और संसद की कार्यवाही बाधित करना अलग-अलग बात है; सभी सदस्यों के लिए जनता का हित सर्वोपरि होना चाहिए। 

Jun 27, 2024

12:12

आगामी बजट में कई ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी आम बजट में कई ऐतिहासिक कदम उठाये जाएंगे एवं प्रमुख आर्थिक निर्णय लिए जाएंगे। मुर्मू ने 18वीं लोकसभा में पहली बार दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगले संसद सत्र में सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला बजट भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

Jun 27, 2024

11:53

कश्मीर में मतदान के रिकॉर्ड टूटे, घाटी ने दिया दुश्मनों को करारा जवाब : राष्ट्रपति मुर्मू

देश में हाल में हुए आम चुनाव के दौरान कश्मीर में हुए मतदान में कई रिकॉर्ड टूटने की ओर ध्यान दिलाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन चुनाव के माध्यम से घाटी ने देश के दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। मुर्मू ने 18वीं लोकसभा में पहली बार दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण में लोकसभा चुनाव के सफल आयोजन के लिए निर्वाचन आयोग को बधाई दी।

Jun 27, 2024

11:52

राष्ट्रपति मुर्मू दोनों सदनों को संबोधित करने संसद पहुंची

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बृहस्पतिवार को संसद भवन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वागत किया। इस अवसर पर एक अधिकारी हाथ में ‘राजदंड’ (सेंगोल) लिए हुए था। राष्ट्रपति 18वीं लोकसभा के गठन और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नयी सरकार बनने के बाद संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने जा रही हैं। 

Jun 26, 2024

14:38

बिरला ने आपातकाल की लोकसभा में निंदा की, विपक्ष ने किया हंगामा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 1975 में कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल की लोकसभा में निंदा करते हुए बुधवार को एक प्रस्ताव पढ़ा और कहा कि वह कालखंड काले अध्याय के रूप में दर्ज है ‘‘जब देश में तानाशाही थोप दी गई थी, लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचला गया था और अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोंट दिया गया था’’। इस दौरान सदन में कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया और नारेबाजी की।


Jun 26, 2024

14:35

लोक सभा में नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओम बिरला को सदन के सदस्यों की तरफ से शुभकामनाएं दी गयी

Jun 26, 2024

14:28

सड़क व संसद के विरोध में अंतर होना चाहिए, संसदीय मर्यादा के अनुरूप हो असहमति: बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सदन को संबोधित करते हुए कहा कि सभी सदस्यों को संसदीय परंपराओं के अनुरूप सामूहिक रूप से राष्ट्रहित के लिए काम करना चाहिए तथा सड़क और संसद में विरोध के अंतर को समझते हुए सहमति-असहमति व्यक्त करनी चाहिए। बिरला को बुधवार को ध्वनिमत से लोकसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। वह दूसरी बार यह उत्तरदायित्व संभाल रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पुन: इस महान सदन के पीठासीन अधिकारी के रूप मेंदायित्व निर्वहन करने का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिपरिषद, सभी दलों के नेताओं और सभी सदस्यों का हार्दिक आभार।’’ बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी है और पिछले एक दशक में देश की जनता की अपेक्षाएं, आशाएं और आकांक्षाएं बढ़ी हैं।

Jun 26, 2024

14:27

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों का लोकसभा में परिचय कराया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा के सदस्यों के समक्ष अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों का परिचय कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले कैबिनेट मंत्रियों, फिर राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) और फिर राज्य मंत्रियों के नामों एवं उनसे संबंधित विभागों का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम लिया तो विपक्षी सदस्यों ने ‘नीट-नीट’ चिल्लाना शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने गत नौ जून को पद एवं गोपनीयता की शपथली थी। उनके तीसरे कार्यकाल के मंत्रिपरिषद में 30 कैबिनेट मंत्री, पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्य मंत्री हैं। प्रधानमंत्री नयी सरकार के गठन और मंत्रिपरिषद में फेरबदल के बाद संसद के दोनों सदनों में अपने मंत्रियों का परिचय करवाते हैं।

Jun 26, 2024

14:26

लोकसभा अध्यक्ष का अंकुश सत्तापक्ष भी रहना चाहिए, निष्कासन जैसी कार्रवाई नहीं हो: अखिलेश

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लोकसभा के नवविर्वाचित अध्यक्ष ओम बिरला को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनका अंकुश विपक्ष के साथ साथ सत्तापक्ष पर भी रहेगा तथा निष्कासन जैसी कार्रवाई नहीं होगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ओम बिरला को बुधवार को ध्वनिमत से लोकसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। वह दूसरी बार इस उत्तरदायित्व को संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कन्नौज से लोकसभा सदस्य यादव ने कहा, ‘‘जिस पद पर आप बैठे हैं उससे बहुत गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं। हम सब यही मानते हैं कि यह बिना भेदभाव के आगे बढ़ेगा और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में आप हर सांसद और हर दल को बराबरी से मौका देंगे।’’

Jun 26, 2024

14:26

Om Birla को लोकसभा अध्यक्ष बनाए जाने पर क्या बोले Rahul Gandhi?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को सदन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओम बिरला को बधाई दी और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह विपक्ष को बोलने का मौका देकर संविधान रक्षा का अपना दायित्व निभाएंगे। बिरला लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं आपके दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर आपको बधाई देना चाहता हूं। मैं पूरे विपक्ष की ओर से, ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से आपको बधाई देना चाहता हूं।’’ राहुल गांधी ने कहा, ‘‘अध्यक्ष महोदय, यह सदन भारत के लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करता है और आप उस आवाज के संरक्षक हैं। निस्संदेह, सरकार के पास सत्ता की शक्ति है लेकिन विपक्ष भी भारत के लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करता है।’’

Jun 26, 2024

14:24

Lok Sabha Speaker चुने जाने पर PM Modi ने Om Birla को दी बधाई

Jun 25, 2024

17:30

सांसद यूसुफ पठान ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।

पूर्व क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।

Jun 25, 2024

17:00

अखिलेश, डिंपल और सपा के कई सांसदों ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कन्नौज से निचले सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। शपथ लेते समय उन्होंने अपने हाथ में संविधान की प्रति ले रखी थी। अखिलेश यादव के अलावा उनकी पत्नी और मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने शपथ ली।

Jun 25, 2024

16:24

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली।

रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। राहुल गाँधी ने हाथ में सविधान की प्रतिलिपि लेकर शपथ ली।

Jun 25, 2024

16:20

सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली

AIMIM अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली, अपनी शपथ का समापन "जय भीम, जय मीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन" शब्दों के साथ किया।

Jun 25, 2024

16:14

‘रामायण के राम’ अरुण गोविल ने लोकसभा में ली संस्कृत में शपथ

उत्तर प्रदेश के मेरठ संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अरुण गोविल ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ संस्कृत में ली। जब शपथ के लिए अरुण गोविल का नाम पुकारा गया तो सत्तापक्ष के कुछ सदस्यों ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया।

Jun 25, 2024

14:42

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए ओम बिरला और के. सुरेश के बीच मुकाबला

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सरकार और विपक्ष के बीच मंगलवार को आम-सहमति नहीं बन सकी और अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार तथा भाजपा सांसद ओम बिरला का मुकाबला कांग्रेस के कोडिकुन्नील सुरेश के साथ होगा। लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान बुधवार को होगा।

Jun 25, 2024

12:57

सत्र के दूसरे दिन महाराष्ट्र, मणिपुर और ओडिशा के सदस्यों ने शपथ ली

अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को नव निर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली और सबसे पहले महाराष्ट्र के सांसदों को शपथ दिलाई गई। उनके बाद मणिपुर, नगालैंड और ओडिशा के नव निर्वाचित सांसदों ने शपथ ग्रहण की।

Jun 25, 2024

12:25

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष की ओर से कांग्रेस सांसद सुरेश ने नामांकन दाखिल किया

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाने पर कांग्रेस सांसद कोडिकुनिल सुरेश ने मंगलवार को इस पद के लिए विपक्ष की ओर से नामांकन दाखिल कर दिया। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता एन के प्रेमचंद्रन ने बताया कि सुरेश ने नामांकन दाखिल किया है।

Jun 25, 2024

12:13

शिवसेना यूबीटी के सांसद ने शपथ में लिया बाल ठाकरे का नाम, प्रोटेम स्पीकर महताब ने रोका

महाराष्ट्र के हिंगोली से निर्वाचित शिवसेना (यूबीटी) के सांसद नागेश बापूराव पाटिल आष्टिकर ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ लेते हुए ‘‘हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब जी ठाकरे’’ का उल्लेख किया जिस पर कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब ने उन्हें रोका और कहा कि वह मराठी में निर्धारित प्रारूप में लिखित शपथ पत्र को ही पढ़ें।

Jun 25, 2024

12:10

विपक्ष को यदि लोकसभा उपाध्यक्ष का पद मिलेगा तो हम अध्यक्ष के चुनाव में सरकार का समर्थन करेंगे : राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिए जाने की परंपरा रही है और यदि नरेन्द्र मोदी सरकार इस परंपरा का पालन करती है तो पूरा विपक्ष सदन के अध्यक्ष के चुनाव में सरकार का समर्थन करेगा।

Jun 25, 2024

11:58

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन से पहले ओम बिरला ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात

राजस्थान के कोटा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ओम बिरला ने दोबारा लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का उम्मीदवार बनाये जाने की खबरों के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। राजग के कई सूत्रों ने कहा कि बिरला 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार हो सकते हैं।

Jun 25, 2024

11:28

लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए विपक्ष के चुनाव नहीं लड़ने की संभावना : सूत्र

अठारहवीं लोकसभा के नए अध्यक्ष (स्पीकर) पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने की संभावना बन रही है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए नामांकन आरंभ होने से पहले सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) के लोकसभा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है।

Jun 24, 2024

18:48

सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भोजपुरी में शपथ नहीं ले पाने पर अफसोस जताया

बिहार के सारण से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने सोमवार को लोकसभा में शपथ लेने से पहले इस बात पर अफसोस जताया कि नियमों के चलते वह भोजपुरी में शपथ नहीं ले सकते।

Jun 24, 2024

17:05

नड्डा राज्यसभा में सदन के नेता नियुक्त किये गये

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा को राज्यसभा में सदन का नेता नियुक्त किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उच्च सदन में नड्डा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की जगह लेंगे। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में गोयल ने महाराष्ट्र से जीत दर्ज की है। गोयल ने आज निचले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ ही केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं।

Jun 24, 2024

16:10

हिंदी, संस्कृत, असमिया, मैथिली...लोकसभा में शपथ ग्रहण के दौरान मिली भाषाई विविधता की झलक

लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को जब शपथ ली तो भारत की भाषायी विविधता की झलक देखने को मिली। अधिकतर सदस्यों ने हिंदी में शपथ ली तो कई सदस्यों ने संस्कृत, असमिया, मैथिली, तेलुगू तथा पंजाबी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में सत्य और निष्ठा का प्रतिज्ञान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन सबसे पहले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली और उन्होंने हिंदी में शपथ ली।

Jun 24, 2024

16:09

अठारहवीं लोकसभा की पहली बैठक में प्रधानमंत्री मोदी और अन्य मंत्रियों ने शपथ ली

अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र की पहली बैठक सोमवार को शुरू हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ ही अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली। कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब ने सदन की कार्यवाही शुरू कराई और सदस्यों को शपथ दिलाई।

Jun 24, 2024

16:08

कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर ली शपथ

लोकसभा में सोमवार को सदस्यता की शपथ लेते समय कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने अपने हाथ में संविधान की प्रति ले रखी थी। विपक्षी सदस्य 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन की बैठक में संविधान की प्रति लेकर पहुंचे थे। असम के धुबरी से निर्वाचित कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ पढ़ी।

Jun 24, 2024

14:10

शिक्षा मंत्री प्रधान के लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ लेते समय विपक्षी दलों ने नीट परीक्षा को लेकर नारेबाजी की

नीट परीक्षा में कथित अनियमितता के मुद्दे की गूंज सोमवार को लोकसभा में भी सुनाई दी जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण करते समय विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की। अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र की बैठक सोमवार को शुरू हुई जिसमें कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब सदस्यों को शपथ ग्रहण करा रहे हैं।

Jun 24, 2024

14:08

लोकसभा सत्र के पहले दिन ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने दिखाई एकजुटता

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ( इंडिया ) के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सोमवार को संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे और एकजुटता प्रकट की।

Jun 24, 2024

13:59

राज्य मंत्रियों ने लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली

अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हुआ जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कैबिनेट मंत्रियों के बाद राज्य मंत्रियों ने सदन की सदस्यता की शपथ ग्रहण की। अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र की पहली बैठक सोमवार को शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदन के नेता होने के नाते सबसे पहले, लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।

Jun 24, 2024

13:11

हम संविधान पर हमला नहीं होने देंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि यह उन्हें स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। हम संविधान पर वह हमला नहीं होने देंगे।’’

Jun 24, 2024

13:10

कैबिनेट मंत्रियों ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने सोमवार को 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र की पहली बैठक सोमवार को शुरू हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदन के नेता के नाते सबसे पहले, सदस्य के रूप में शपथ ली।

Jun 24, 2024

13:07

संविधान की प्रति लेकर संसद पहुंचे विपक्षी सांसद

संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ( इंडिया ) के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा की बैठक के पहले दिन सोमवार को संविधान की प्रति लेकर संसद पहुंचे और कहा कि वे संविधान की रक्षा करेंगे।

Jun 24, 2024

12:56

देश को एक अच्छे और जिम्मेदार विपक्ष की आवश्यकता : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश की जनता विपक्ष से संसद की गरिमा बनाए रखने की उम्मीद करती है ना कि ‘नखरे, ड्रामा, नारेबाजी और व्यवधान’ की। उन्होंने कहा कि देश को एक अच्छे और जिम्मेदार विपक्ष की आवश्यकता है। 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन मीडिया को संबोधित करते हुए मोदी ने सभी नवनिर्वाचित सांसदों से इस सत्र का उपयोग जनहित में करने का आह्वान भी किया।

अन्य न्यूज़