JMM सरकार के खिलाफ रांची में BJP का प्रदर्शन, शिवराज सिंह चौहान बोले- हेमंत सोरेन ने झारखंड को अराजकता में धकेला

BJP
ANI
अंकित सिंह । Aug 23 2024 4:10PM

भारतीय जनता युवा मोर्चा की आक्रोश रैली पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हेमंत सोरेन क्यों डर रहे हैं? उन्होंने झारखंड को अराजकता की खाई में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि युवा न्याय मांगने आ रहे हैं।

झारखंड में इस साल विधानसभा के चुनाव होने है। भाजपा अपनी पूरी ताकत लगा रही है। इन सबके बीच रांची के मोरहाबादी मैदान के बाहर शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में लागू निषेधाज्ञा के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने झामुमो नीत सरकार के कथित अन्याय के खिलाफ विरोध रैली की। सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। 

इसे भी पढ़ें: Big Breaking: देशभर में कई आतंकी हमले की योजना, Delhi में पुलिस का बड़ा ज्वाइंट ऑपरेशन, Al-Qaeda से प्रेरित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश

भारतीय जनता युवा मोर्चा की आक्रोश रैली पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हेमंत सोरेन क्यों डर रहे हैं? उन्होंने झारखंड को अराजकता की खाई में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि युवा न्याय मांगने आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि आपने बेरोजगारी भत्ता देने की बात की थी, आपने नौकरियां देने की बात की थी लेकिन आपने नहीं दीं। अब जब युवा न्याय मांगने आ रहे हैं तो हेमंत सोरेन सरकार क्यों डर रही है? विरोध को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है? हमारे कार्यकर्ताओं पर पूरी रात अत्याचार किया गया। 

शिवराज ने कहा कि मैं हेमंत सोरेन सरकार से कहना चाहता हूं कि रावण का भी अहंकार चूर हो गया था। अगर वह सोचते हैं कि न्याय और अधिकार की लड़ाई को इस तरह कुचला और दबाया जा सकता है, तो वह गलत हैं। झारखंड के युवा लड़ेंगे और लड़ाई जीतेंगे। बीजेपी नेता और झारखंड विधानसभा के एलओपी अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में पूरे झारखंड से लाखों युवाओं ने मोरहाबादी मैदान की ओर कूच किया है। 

इसे भी पढ़ें: Jharkhand: चंपई सोरेन ने नई पार्टी बनाने के दिए संकेत, कहा- राजनीति से संन्यास नहीं लूंगा, रास्ते में कोई दोस्त मिला तो...

उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ ये सरकार इसे दबाने की कोशिश कर रही है, हमारी गाड़ियों को रोका जा रहा है, हमारे नेताओं को परेशान किया जा रहा है, कुल मिलाकर सरकार डरी हुई है, सरकार का ये डर अब खुलकर दिखने लगा है. झारखंड के युवाओं के भविष्य की राह में ये कंटीले तार उनकी भावनाओं, उनकी सोच को दर्शाते हैं। लेकिन झारखंड के युवा नहीं रुकेंगे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़