झारखंड को समृद्ध राज्य बनाने के लिए झामुमो सरकार को उखाड़ फेंकें : Samrat Chaudhary

Samrat Chaudhary
प्रतिरूप फोटो
ANI

भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने झारखंड के लोगों से अपील की कि वे राज्य के विकास और समृद्धि के लिए मौजूदा झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत सरकार को उखाड़ फेंकें। जनसभा को संबोधित करते हुए चौधरी ने आरोप लगाया कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने 2019 के चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है।

गिरिडीह (झारखंड) । बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने शनिवार को झारखंड के लोगों से अपील की कि वे राज्य के विकास और समृद्धि के लिए मौजूदा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार को उखाड़ फेंकें। भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत गिरिडीह में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए चौधरी ने आरोप लगाया कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने 2019 के चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। 

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में ‘परिवर्तन यात्रा’ तब तक जारी रहेगी जब तक कि झामुमो नीत गठबंधन सरकार को सत्ता से बाहर नहीं कर दिया जाता। झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भ्रष्टचार में लिप्त हैं तथा उन्होंने झारखंड को लूटा है।’’ भाजपा की इस राज्यव्यापी यात्रा की शुरुआत शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को साहेबगंज जिले से की थी। चौधरी ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक मत सतर्क होकर दीजिए और सुनिश्चित कीजिए कि भाजपा सरकार बने। झारखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए झामुमो नीत सरकार को उखाड़ फेंकें।’’ 

चौधरी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की तर्ज पर बिहार के सीतामढ़ी जिले में माता सीता का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा जनता तक पहुंचने और झामुमो नीत सरकार की ‘नाकामियों को उजागर’ करने के लिए छह ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालेगी। यह यात्रा राज्य के 24 जिलों के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए 5,400 किलोमीटर का सफर तय कर दो अक्टूबर को संपन्न होगी। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के करीब 50 राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेता इस तरह की रैलियों में शामिल होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़