NEET Paper Leak पर बिहार में सियासी घमासान, आमने-सामने BJP औऱ RJD, तेजस्वी ने भी तोड़ी चुप्पी

tejashwi vijay
ANI
अंकित सिंह । Jun 21 2024 3:53PM

राजद के आधिकारिक एक्स हैंडल ने कथित तौर पर आरोपियों द्वारा उपमुख्यमंत्री चौधरी को सम्मानित किए जाने की एक तस्वीर भी साझा की। राजद ने लिखा कि नीट परीक्षा पेपर लीक घोटाले का मुख्य आरोपी बिहार के उपमुख्यमंत्री के साथ।

नीट 'पेपर लीक' विवाद को लेकर बिहार में राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों एक-दूसरे को मामले के मुख्य आरोपियों से जोड़ रहे हैं। भाजपा द्वारा दावा किए जाने के बाद कि मुख्य संदिग्धों में से एक - सिकंदर प्रसाद यादवेंदु - तेजस्वी यादव के निजी सचिव (पीएस) से जुड़ा हुआ है, राजद ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ एक अन्य आरोपी - अमित आनंद - की एक तस्वीर के साथ पलटवार किया है।

इसे भी पढ़ें: NEET Row: प्रियंका गांधी को मोदी सरकार पर निशाना, बोलीं- देश को कमजोर कर रहा भाजपा का भ्रष्टाचार

इन सब के बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी अपने पीएस का बचाव किया और कहा कि भाजपा लोगों का ध्यान 'मास्टरमाइंड' से भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर इंडिया गठबंधन एकजुट है। हम चाहते हैं कि NEET परीक्षा तुरंत रद्द कर दी जाए। उनके (भाजपा) पास सभी जांच एजेंसियां ​​हैं, वे जांच के लिए पीएस या पीए किसी को भी बुला सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे मामले को सरगना से भटकाना चाहते हैं। जो मेरा नाम घसीटना चाहते हैं या मेरे पीए का नाम, इससे किसी को फायदा नहीं होगा। जिस इंजीनियर की बात हो रही है, वह लाभार्थी हो सकता है लेकिन अमित आनंद और नीतीश कुमार पेपर लीक के मास्टरमाइंड हैं। देश की जनता जानती है कि जब भी बीजेपी सत्ता में आती है तो पेपर लीक हो जाते हैं। 

राजद के आधिकारिक एक्स हैंडल ने कथित तौर पर आरोपियों द्वारा उपमुख्यमंत्री चौधरी को सम्मानित किए जाने की एक तस्वीर भी साझा की। राजद ने लिखा कि नीट परीक्षा पेपर लीक घोटाले का मुख्य आरोपी बिहार के उपमुख्यमंत्री के साथ। आरोपी के हाथों सम्मानित होने वाले तथाकथित ताकतवर मंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से उसके साथ अपनी सारी तस्वीरें डिलीट कर दी लेकिन चिंता की कोई बात नहीं हमारे पास सभी है। आपके व्याकुल समकक्ष दूसरे उपमुख्यमंत्री को यह भेज दिजीए। 

इसे भी पढ़ें: NEET काउंसलिंग पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, NTA को नोटिस जारी

इससे एक दिन पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को दावा किया था कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक, एक इंजीनियर, तेजस्वी यादव के पीएस से जुड़ा हुआ है, और उन्होंने इसकी जांच की मांग की थी। सिन्हा ने दावा किया कि अधिकारी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद यादवेंदु के साथ लगातार संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि यादव से जुड़ा अधिकारी सिकंदर के लिए पटना और अन्य स्थानों के गेस्ट हाउस में आवास की व्यवस्था करता था। मेरे पास उन संदेशों का विवरण है जो अधिकारी ने सिकंदर के लिए आवास की व्यवस्था करने के लिए संबंधित व्यक्तियों को भेजे थे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़