झारखंड और आदिवासियों का विकास भाजपा की प्राथमिकता : Himanta Biswa Sarma

Himanta Biswa Sarma
प्रतिरूप फोटो
@himantabiswa

भाजपा के चुनाव सह प्रभारी शर्मा राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए पार्टी नेताओं से मिलेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी की प्राथमिकता झारखंड का विकास और यहां के अनुसूचित जनजाति समुदाय का कल्याण है।

रांची। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की बैठक में भाग लेने रांची पहुंचे। उन्होंने कहा कि झारखंड का विकास और आदिवासी लोगों का कल्याण भाजपा की प्राथमिकता है। भाजपा के चुनाव सह प्रभारी शर्मा राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए पार्टी नेताओं से मिलेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी की प्राथमिकता झारखंड का विकास और यहां के अनुसूचित जनजाति समुदाय का कल्याण है। पिछले पांच वर्षों से राज्य में कोई सरकार नहीं है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में महिलाओं और आदिवासियों पर अत्याचार कई गुना बढ़ गए हैं।’’ 

शर्मा ने कहा कि जब भाजपा का घोषणापत्र आएगा, तो पता चलेगा कि पार्टी ने अगले पांच साल में आदिवासी लोगों के लिए कितना काम करने की योजना बनाई है। पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन को जमानत मिलने के बारे में पूछे जाने पर शर्मा कहा, ‘‘भाजपा इस बात का हिसाब नहीं रखती कि कौन जेल जा रहा है और कौन जमानत पर बाहर आ रहा है।’’ 

आगामी चुनाव में सोरेन की मौजूदगी से भाजपा पर क्या असर पड़ेगा, इस बारे में पूछे गए सवाल पर शर्मा ने कहा कि जब वह जेल में थे तब भाजपा ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में राज्य में नौ सीट जीतीं। शर्मा ने कहा कि सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद भाजपा और अधिक सीट जीतेगी। उच्च न्यायालय द्वारा धनशोधन के एक मामले में जमानत दिए जाने के बाद सोरेन को शुक्रवार को रिहा कर दिया गया। न्यायालय ने कहा कि सोरेन प्रथम दृष्टया दोषी नहीं हैं और जमानत पर छूटने के बाद याचिकाकर्ता द्वारा कोई अपराध किए जाने की कोई संभावना नहीं है। 

झारखंड की 81 विधानसभा सीट में से 28 सीट अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए आरक्षित हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 26 आदिवासी सीटों पर जीत हासिल की थी। शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए खाका तैयार करने को लेकर 23 जून को पार्टी नेताओं, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें कीं। चौहान को झारखंड के लिए भाजपा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़