राजस्थान के कोटा में खून से लथपथ महिला का शव मिला, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया

Kota Rajasthan
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक खाली भूखंड पर 45 वर्षीय महिला का खून में लथपथ शव मिला है। पुलिस ने कहा कि महिला के पति की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी और वह अपने ‘सहजीवन साथी’ मुकेश के साथ रहती है, जो कूड़ा बीनने का काम करता है।

कोटा। राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक खाली भूखंड पर 45 वर्षीय महिला का खून में लथपथ शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि महिला की पहचान रानी वाल्मिकी के रूप में हुई है, जो कुन्हाड़ी थानांतर्गत छोटी पुलिया के निकट बालिटा रोड पर रहती थी। पुलिस ने कहा कि महिला के पति की करीब चार साल पहले मौत हो गई थी और वह अपने ‘सहजीवन साथी’ मुकेश के साथ रहती है, जो कूड़ा बीनने का काम करता है। 

महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने उसके सहजीवन साथी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जो बृहस्पतिवार रात से फरार है। कुन्हाड़ी थाने के क्षेत्र निरीक्षक अरविंद भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे रजत नगर में एक खाली भूखंड से खून से सना महिला का शव बरामद किया गया, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बृहस्पतिवार देर रात महिला पर भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। 

भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने महिला के ‘सहजीवन साथी’ मुकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 248 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव उसके परिजनों को सौंप दिया तथा आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़