UP में नहीं बनी सपा और कांग्रेस की बात? अखिलेश यादव ने कर दिया बड़ा ऐलान, बोले- संविधान बचाना है

rahul akhilesh
ANI
अंकित सिंह । Oct 24 2024 12:20PM

अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए घोषणा की कि पार्टी के उम्मीदवार आगामी उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सभी नौ विधानसभा सीटों पर सपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। इस घोषणा से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा।

इंडिया ब्लॉक के सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रहा सस्पेंस बुधवार देर रात उस समय सुलझ गया, जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए घोषणा की कि पार्टी के उम्मीदवार आगामी उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सभी नौ विधानसभा सीटों पर सपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। इस घोषणा से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। इससे यह स्पष्ट हो गया कि इंडिया ब्लॉक के सहयोगी सीट बंटवारे पर आम सहमति बनाने में विफल रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: Uttar Pradesh Bypolls: यूपी उपचुनाव को लेकर अड़ी और डरी कांग्रेस

अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’ इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। 

सपा नेता ने दावा किया कि इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है। उन्होंने कहा कि ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। इसीलिए हमारी सबसे अपील है : एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बँटने पाए। देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी। वहीं, आज राहुल गांधी के साथ फोटो साक्षा करते हुए अखिलेश ने लिखा कि हमने ये ठाना है ‘संविधान, आरक्षण, सौहार्द’ बचाना है। ‘बापू-बाबासाहेब-लोहिया’ के सपनों का देश बनाना है। 

इसे भी पढ़ें: बहराइच हिंसा में भाजपा के नेता शामिल, ऐसा हिटलर के जमाने में होता था : Akhilesh

कांग्रेस और सपा दोनों नेताओं ने दावा किया था कि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत कई दिनों से चल रही थी। हालांकि, सिद्दीकी के नामांकन ने कांग्रेस के चुनाव लड़ने की संभावनाओं को खत्म कर दिया। गौरतलब है कि सपा ने 13 नवंबर को होने वाले मतदान में से नौ विधानसभा सीटों में से सात के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी थी, कांग्रेस के लिए केवल खैर और गाजियाबाद कैंट सीट ही छोड़ी थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने इन दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने में अनिच्छा व्यक्त की है, क्योंकि इन्हें सत्तारूढ़ भाजपा का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जहां इस पुरानी पार्टी की जीत की संभावना बहुत कम है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़