UP Election 2022 । राजनाथ बोले- भारत की तरफ किसी ने आंख उठाकर देखने की भी कोशिश की तो...

rajnath singh
अंकित सिंह । Feb 18 2022 7:37PM

राजनाथ ने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी आई है तब दंगे होने लगते हैं, गुंडे और बदमाशों के हौसले बढ़ जाते हैं। मुख्यमंत्री ने ​करिशमाई काम किया है, माफियाओं ने जो संपत्ति अर्जित की और जिससे अपना आलीशान महल बनवाया उन्हें बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज है। इन सब के बीच आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचे थे। अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एक बार फिर से राजनाथ सिंह ने जोर देते हुए कहा कि भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर कोई भारत की तरफ़ आँख उठाकर देखने की कोशिश करेगा तो हम बाउंड्री के इस पार भी मार सकते हैं और ज़रुरत पड़ी तो बाउंड्री के उस पार भी मार सकते हैं। लद्दाख में भारत और चीन के जवानों के बीच जो भी हुआ मैं इतना कह सकता हूं कि भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। उन्होंने कहा कि देवी लक्ष्मी हमेशा कमल पर आती हैं, क्या आपने उन्हें कभी साइकिल पर आते हुए, हाथी पर बैठे हुए, या हाथ लहराते हुए देखा है? यह बहुत स्पष्ट है कि समृद्धि और विकास तभी आएगा जब यूपी में कमल खिलेगा।

इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी आई है तब दंगे होने लगते हैं, गुंडे और बदमाशों के हौसले बढ़ जाते हैं। मुख्यमंत्री ने ​करिशमाई काम किया है, माफियाओं ने जो संपत्ति अर्जित की और जिससे अपना आलीशान महल बनवाया उन्हें बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की लगभग दुगनी हो गई है। हम उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते है। भारत को हम पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं। राजनाथ ने दावा किया कि लगभग 47000 करोड़ रुपए का काम लखनऊ में हुआ है। एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाई जा रही है। बहुत सारी सड़कों का निर्माण हो रहा है। 

इसे भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कैप्टन अमरिंदर के साथ पटियाला में किया रोड शो, गठबंधन सरकार के लिए मांगे वोट

राजनाथ ने कहा कि मैं सभी कार्यकर्ताओं से कहूँगा कि आप सब लग जाइए। चुनाव के बाद अच्छा काम करने वाले लखनऊ के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को मैं स्वयं सम्मानित करूँगा। इससे पहले राजनाथ ने कहा था कि एक पार्टी है समाजवादी पार्टी जिसको समाजवाद छू कर भी नहीं गया है। सच्चा समाजवादी तो वो होता है जो भय और भूख का समाधान करे। यह काम तो केवल भाजपा ने किया है। प्रधानमंत्री ने इस बात की चिंता की कि कोई गरीब भूखा न सोए, इसके लिए उन्होंने 80 करोड़ ग़रीबों को मुफ़्त राशन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती है। हम आपके भरोसे को टूटने नहीं देंगे। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़