महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त
महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आश्वासन मिलने एवं बंबई उच्च न्यायालय के दखल के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी और आज वह काम पर वापस लौट आए।
मुंबई। महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आश्वासन मिलने एवं बंबई उच्च न्यायालय के दखल के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी और आज वह काम पर वापस लौट आए। फडणवीस के शुक्रवार को रेजिडेंट डॉक्टरों को काम पर वापस लौटने या कानूनी कार्रवाई का सामना करने की अंतिम चेतावनी देने के बाद आज डॉक्टरों ने अपनी पांच दिन की हड़ताल को समाप्त कर दिया।
बंबई उच्च न्यायालय ने हड़ताल कर रहे डॉक्टरों को गुरुवार को फटकार लगाते हुए उनसे हड़ताल खत्म करने को कहा था। ‘महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर’ ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के साथ गुरुवार को हुई उनकी बैठक संतोषजनक रही। बयान में कहा गया ''राज्य सरकार ने आश्वासन पत्र जारी किया है और हमें लगता है कि हमारी मांगों पर ध्यान दिया जा रहा है। हमने अपने सदस्यों को शनिवार सुबह से काम पर लौटने को कहा है।’’ राज्य के विभिन्न इलाकों में रेजिडेंट डॉक्टरों पर हुए अनेक हमलों के बाद 4500 से अधिक डॉक्टर पिछले पांच दिन से सामूहिक हड़ताल पर थे। सरकारी अस्पतालों के ओपीडी और जनरल वार्ड को छोड़ कर अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।
अन्य न्यूज़