राजग राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने, गरीबों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मोदी

 PM Modi
ANI

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह सभी के लिए खुशी की बात है कि बुधवार को जम्मू कश्मीर में नयी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद पहली बार वहां शपथ ग्रहण समारोह भारत के संविधान के तहत हुआ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राष्ट्रीय उन्नति को आगे बढ़ाने तथा गरीबों एवं वंचितों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनके मंत्रिमंडल के पंचकूला में शपथ ग्रहण समारोह के बाद यहां एक पांच सितारा होटल में राजग मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें 17 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री शामिल हुए।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमने सुशासन के पहलुओं और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के तरीकों पर व्यापक चर्चा की। हमारा गठबंधन राष्ट्रीय उन्नति को आगे बढ़ाने और गरीबों तथा वंचितों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

पिछले कई वर्षों में राजग मुख्यमंत्रियों की यह इस तरह की पहली बैठक थी। वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे पी नड्डा इस बैठक में शामिल थे। बैठक के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री व भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुशासन पर जोर दिया।

नड्डा के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘लोगों के हित में, सुशासन पर ध्यान देने का प्रयास किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू होने के 50 साल पूरे होने पर गृह मंत्री अमित शाह ने एक प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा, ‘‘1975 में आपातकाल के साथ लोकतंत्र की हत्या हुई थी। 2025 में हम लोकतंत्र की हत्या पर चर्चा करेंगे। हम संविधान की हत्या करने वालों को भी बेनकाब करेंगे और लोगों को बताएंगे कि कैसे उन्होंने संविधान को कुचलने और इसकी मूल भावना का गला घोंटने की कोशिश की।’’

राजनाथ सिंह ने 2025 में संविधान का अमृत महोत्सव मनाने का प्रस्ताव रखा। नड्डा के अनुसार, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह सभी के लिए खुशी की बात है कि बुधवार को जम्मू कश्मीर में नयी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद पहली बार वहां शपथ ग्रहण समारोह भारत के संविधान के तहत हुआ।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री को राज्य के संविधान के तहत शपथ दिलाई जाती थी। नड्डा ने कहा कि स्वतंत्र भारत में पहली बार मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में भी भारत के संविधान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़