राजस्थान में कांग्रेस सरकार में विकास केवल कागजों पर हुआ : वसुंधरा राजे

Vasundhara Raje
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Common

पूर्व मुख्यमंत्री ने अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार पर कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने और उनकी सरकार द्वारा शुरू किए गए कुछ कार्यक्रमों का नाम बदलने का भी आरोप लगाया।

कोटा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता वसुंधरा राजे ने रविवार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में विकास केवल कागजों पर हुआ है। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य की सत्ता से बाहर करने की अपील की। पूर्व मुख्यमंत्री ने अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार पर कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने और उनकी सरकार द्वारा शुरू किए गए कुछ कार्यक्रमों का नाम बदलने का भी आरोप लगाया। वसुंधरा ने यहां शंभुपुरा में एक रैली में कहा, ‘‘भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ चलती है, जबकि कांग्रेस का नारा ‘खुद का साथ, खुद का विकास’ है।’’

इसे भी पढ़ें: Ajit Pawar ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे की जगह लेने के लिए भाजपा का हाथ थामा: शिवसेना (यूबीटी)

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस सरकार के तहत भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और बेरोजगारी में वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि ‘‘विकास केवल कागजों पर हुआ है।’’ वसुंधरा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से राज्य में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने की अपील की। राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा नेता ने कहा कि विश्व स्तर पर भारत का कद बढ़ा है और मोदी सरकार के तहत देश में हर जगह विकास हुआ है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़