सूरत में इमारत ढहने की घटना में मृतकों की संख्या सात हुई, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Surat building collapse incident
प्रतिरूप फोटो
ANI

सूरत पुलिस ने एक बयान में कहा कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की दो टीम, पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी शामिल थे। करीब तीन घंटे के अभियान के बाद वे कशिश शर्मा नाम की 20 वर्षीय महिला को निकालने में सफल रहे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सूरत। गुजरात के सूरत शहर में छह मंजिला इमारत ढहने की घटना में रात में छह और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इमारत के किराएदारों से किराया वसूलने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर तथा इमारत के दो मालिकों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पाल इलाके में स्थित यह आवासीय इमारत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में थी और शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे ढह गई। 

सूरत पुलिस ने एक बयान में कहा कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की दो टीम, पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी शामिल थे। करीब तीन घंटे के अभियान के बाद वे कशिश शर्मा नाम की 20 वर्षीय महिला को निकालने में सफल रहे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि शनिवार रात को एक व्यक्ति का शव निकाला गया। पुलिस के अनुसार बचाव दल ने बाद में मलबे से छह और शव निकाले। साचिन जीआईडीसी पुलिस थाने के निरीक्षक जिग्नेश चौधरी ने बताया कि रात भर चले अभियान में मलबे से कुल सात शव बरामद किए गए हैं। 

बयान में कहा गया है कि मृतकों में से ज्यादातर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कपड़ा मजदूर थे। इंस्पेक्टर चौधरी ने बताया कि इमारत के मालिक राज काकड़िया और उनकी मां रमीलाबेन काकड़िया तथा निवासियों से किराया वसूलने वाले अश्विन वेकारिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वेकारिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़