Chai par sameeksha: केजरीवाल की गिरफ्तारी से किसका फायदा और नुकसान, AAP को मिलेगा सहानुभूती वोट
नीरज कुमार दुबे ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर जाहिर तौर पर सवाल उठाए जाएंगे। हालांकि आम आदमी पार्टी को जिस तरीके से लोगों से समर्थन की उम्मीद थी, वह मिल नहीं रहा है।
प्रभासाक्षी के खास साप्ताहिक कार्यक्रम चाय पर समीक्षा में हमने इस सप्ताह अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और आम आदमी पार्टी के भविष्य को लेकर चर्चा की। इस दौरान हमेशा की तरह कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रभासाक्षी के संपादक नीरज कुमार दुबे जी। नीरज कुमार दुबे लगातार लोकसभा चुनाव की कवरेज को लेकर आम जनता के बीच है, ऐसे में उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर लोगों का क्या मानना है, इस पर भी अपनी बात रखी है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर प्रभासाक्षी के संपादक ने कहा कि सुराज और स्वराज का नारा देकर सत्ता में आम आदमी पार्टी आई थी। लेकिन वह शराब के चंगुल में फंस गई और आज वही शराब उसके नेताओं के लिए गले का फांस बन चुका है।
नीरज कुमार दुबे ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर जाहिर तौर पर सवाल उठाए जाएंगे। हालांकि आम आदमी पार्टी को जिस तरीके से लोगों से समर्थन की उम्मीद थी, वह मिल नहीं रहा है। आम आदमी पार्टी ने जो प्रदर्शन का आयोजन किया था, उसमें भी वह भीड़ जुटा पाने में नाकामयाब हुई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अदालत ने सबूत देखने के बाद केजरीवाल को राहत देने से इनकार किया था जिसके बाद ईडी उनके आवास पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की राजनीति में केजरीवाल का उदय स्वराज और सुराज की बात करके हुआ था। लेकिन आज उनकी सरकार शराब के जाल में पूरी तरीके से फंस चुकी है।
इसे भी पढ़ें: कट्टर इमानदार सरकार की नई बोतल में 'पुरानी शराब' ने कैसे कर दी AAP की सेहत खराब! Liquor Policy का यहां समझें पूरा गणित
केजरीवाल के इस्तीफे को लेकर भी हमने नीरज दुबे से सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल इस्तीफा नहीं देते हैं तो कहीं ना कहीं उनकी राजनीतिक सुचिता पर सवाल उठेंगे। उन्होंने कहा कि आतिशी और सौरभ भारद्वाज में होड़ मचा हुआ है कि कौन बड़ा प्रदर्शन कर सकता है. कौन मीडिया में केजरीवाल का पक्ष मजबूती से रख सकता है। आम आदमी पार्टी के भीतर खींचतान शुरू हो गई है। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी अब मीडिया के सामने आ रही हैं। जिस तरीके से उन्होंने बयान जारी किया इससे इस बात की संभावना बनती दिखाई दे रही है कि ऐसा तो नहीं कि केजरीवाल अपनी पत्नी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी से इंडिया गठबंधन को तो झटका लगा ही है, साथ ही आम आदमी पार्टी के लिए भविष्य की राजनीति भी मुश्किल नजर आ रही है।
कांग्रेस के रुख पर नीरज कुमार दुबे ने कहा कि पार्टी को सबसे ज्यादा अगर किसी ने नुकसान पहुंचाया है तो वह अरविंद केजरीवाल ही है। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से सत्ता छीनी। इसके अलावा कई राज्यों में कांग्रेस को कमजोर करके आम आदमी पार्टी मजबूत हुई है। अरविंद केजरीवाल राजनीति में कांग्रेस के खिलाफ बिगुल फूंक कर आए थे। कांग्रेस ने भी खुद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए थे। लेकिन आज चुनावी मजबूरी ने सभी को साथ कर दिया है। जहां तक केजरीवाल की पार्टी में टूट की बात है तो उनकी ओर से साफ तौर पर दावा किया जाता है कि हमारे विधायक को ऑफर दिए जाते हैं लेकिन अब तक सबूत नहीं दिखाए गए हैं। लेकिन अब जब केजरीवाल खुद जेल में चले गए हैं ऐसे में पार्टी को एकजुट रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
अन्य न्यूज़