दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर रखरखाव कार्य के कारण शुक्रवार सुबह सेवाएं प्रभावित रहेंगी

metro
ANI

विश्वविद्यालय से मिलेनियम सिटी सेंटर के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:29 बजे शुरू होगी और कश्मीरी गेट से समयपुर बादली के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:40 बजे शुरू होगी।

दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के विश्वविद्यालय स्टेशन पर रखरखाव कार्य के कारण 11 अक्टूबर को सुबह कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली को गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर से जोड़ती है। अधिकारियों ने बताया कि येलो लाइन पर विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर पूर्व निर्धारित रखरखाव गतिविधियों के तहत शुक्रवार तड़के सुबह 6.25 बजे तक ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जाएगा।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को विश्वविद्यालय से मिलेनियम सिटी सेंटर के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:29 बजे शुरू होगी और कश्मीरी गेट से समयपुर बादली के लिए पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय 6:40 बजे शुरू होगी।

उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशनों के बीच कोई ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी। विधानसभा और सिविल लाइंस स्टेशन सुबह 6:25 बजे तक बंद रहेंगे।”

हालांकि, उन्होंने कहा कि मिलेनियम सिटी सेंटर से कश्मीरी गेट और समयपुर बादली से विश्वविद्यालय तक येलो लाइन के शेष खंड पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रहेंगी। रखरखाव कार्य के कारण पिछले रविवार को विश्वविद्यालय और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं सुबह 6 बजे से 40 मिनट तक उपलब्ध नहीं रहीं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़