मध्यप्रदेश: अशोकनगर में बाढ़ में फंसे 40 लोगों को बचाने के लिए NDRF टीम पहुंची

NDRF Reaches Ashok Nagar To Rescue People From Flooded Villages

अधिकारियों ने कहा कि इन गांवों से सुबह वायुसेन एवं सेना की मदद से लोगों को निकाला जाएगा। ये गांव बरखेड़ा लाल, बर्री, उमरा, बरखेड़ी, चाचूखेड़ा एवं सावलहैड़ा हैं।

अशोकनगर/भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग के अशोकनगर जिले में बाढ़ में फंसे करीब 50 लोगों को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम वहां शुक्रवार रात को पहुंच गई। अशोकनगर के कलेक्टर अभय वर्मा ने शुक्रवार रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर फोन पर बताया, ‘‘एनडीआरएफ की एक टीम पहुंच गई है। एनडीआरएफ की दूसरी टीम रास्ते में है और जल्द मौके पर पहुंच जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि ये 50 लोग अशोकनगर एवं बहादुरपुर तहसीलों के छह गांवों में बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं। वर्मा ने बताया कि सेना एवं वायुसेना की टीमों के शनिवार सुबह तक इस बचाव अभियान में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रभावित छह गांव में पानी का स्तर लगातार नीचे आ रहा है। वहीं, भोपाल में मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौके पर मौजूद है और अशोकनगर में सभी लोग सुरक्षित हैं।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में लागू किया जाएगा देशभक्ति पाठ्यक्रम

अधिकारियों ने कहा कि इन गांवों से सुबह वायुसेन एवं सेना की मदद से लोगों को निकाला जाएगा। ये गांव बरखेड़ा लाल, बर्री, उमरा, बरखेड़ी, चाचूखेड़ा एवं सावलहैड़ा हैं। इससे कुछ ही घंटे पहले पहले शुक्रवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन कर प्रदेश के ग्वालियर संभाग के अशोकनगर जिले में बाढ़ में फंसे करीब 50 लोगों को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाई थी। चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से टेलीफोन पर अशोकनगर में बाढ़ में फंसे लगभग 50 लोगों के बचाव को लेकर बात की। तेज बारिश के कारण भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहे हैं, जिससे ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।’’ आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के चंबल एवं ग्वालियर संभाग में चार दिनों से आई बाढ़ के कारण कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़