MP: सिंगरौली में दलित व्यक्ति की हत्या के आरोप में पूर्व भाजयुमो पदाधिकारी गिरफ्तार

murder
प्रतिरूप फोटो
creative common

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि एक दलित व्यक्ति की हत्या कर दी गई और आरोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है और उसे बचाया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक दलित व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक पूर्व पदाधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) जयदीप प्रसाद ने बताया कि शनिवार दोपहर तेंदुहा-पोडी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान बाद में लाले बंसल (23) के रूप में हुई।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने कहा, चितरंगी पुलिस की तीन टीम गठित की गईं और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य जानकारियों की मदद से 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया गया, जिससे अभिषेक पांडेय की गिरफ्तारी हुई।

आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसके पास से अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। इस बीच कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि एक दलित व्यक्ति की हत्या कर दी गई और आरोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष है और उसे बचाया जा रहा है।

पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शासन में दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं। भाजयुमो की सिंगरौली जिला इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि पांडेय मोहरिया के मोर्चा मंडल अध्यक्ष थे, लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने की शिकायतों के बाद उन्हें इस साल दो मई को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़