भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं; झूठी बातों का खंडन किया जाना चाहिए : रीजीजू

Kiren Rijiju
ANI

सऊदी अरब (हज सम्मेलन के लिए) की यात्रा के दौरान लगभग 80 देशों के मंत्री मौजूद थे और इंडोनेशिया के एक मंत्री ने कहा कि उनके देश में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने मंगलवार को कहा कि भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं और इसके विपरीत झूठी बातों का खंडन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अल्पसंख्यक समुदाय राष्ट्र निर्माण में बड़ी भूमिका निभाते रहेंगे।

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) द्वारा आयोजित राज्य अल्पसंख्यक आयोगों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए रीजीजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का आह्वान किया है।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा, ‘‘इस प्रयास में अल्पसंख्यक समुदायों का योगदान महत्वपूर्ण होना चाहिए। अल्पसंख्यक समुदायों ने पहले भी राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान दिया है और आगे भी देते रहेंगे।’’

उन्होंने कहा कि हाल में सऊदी अरब (हज सम्मेलन के लिए) की यात्रा के दौरान लगभग 80 देशों के मंत्री मौजूद थे और इंडोनेशिया के एक मंत्री ने कहा कि उनके देश में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी है।

रीजीजू ने कहा, ‘‘मैंने कहा कि जब जनगणना की जाएगी तो संभवतः भारत में मुसलमानों की आबादी इंडोनेशिया से अधिक हो सकती है। लेकिन हमारे पास सटीक संख्या नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कारण 2021 की जनगणना नहीं कराई जा सकी। उन्होंने कहा कि भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं और देश संविधान से चलता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़