Haryana में राहुल ने थामा हुड्डा-शैलजा का हाथ, कांग्रेस में दिया एकजुटता का संदेश, देखते ही रह गए दोनों नेता

Hooda Sailaja
ANI
अंकित सिंह । Sep 30 2024 7:15PM

राहुल अंबाला जिले के नारायणगढ़ से हरियाणा विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत करने पहुंचे थे। नारायणगढ़ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मूल स्थान भी है, जो पड़ोसी जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राज्य में पार्टी के भीतर उठापटक की स्थिति को कम करते हुए एकजुटता का संदेश दिया है। दरअसल, हरियाणा कांग्रेस में लगातार गुटबाजी की खबर आ रही थी। दावा किया जा रहा था कि भूपिंदर सिंह हुड्डा और सिरसा सांसद कुमारी शैलजा के बीच मनमुटाव है। इसी को देखते हुए राहुल ने दोनों को हाथ एक-दूसरे से मिलाते हुए लोगों का अभिवादन करवाया है। इस दौरान उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रही। 

इसे भी पढ़ें: हरियाणा की गुरुग्राम सीट पर Mukesh Sharma Pahalwan का हो रहा भव्य स्वागत, अपने अंदाज से दिल जीत रहे BJP के उम्मीदवार

राहुल अंबाला जिले के नारायणगढ़ से हरियाणा विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत करने पहुंचे थे। नारायणगढ़ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मूल स्थान भी है, जो पड़ोसी जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। गांधी भाई-बहन लाडवा से होकर थानेसर जाएंगे। चुनावी राज्य में यह उनकी पहली संयुक्त उपस्थिति है। वहीं, अपने भाषण के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया और दावा किया कि जैसे ‘‘सुनामी आती है, वैसे ही गौतम अदाणी के बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं’’, जबकि आम आदमी संघर्ष करता रहता है। 

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाएगी और बदलाव लाएगी। अंबाला जिले के नारायणगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा तथा उनकी विचारधाराओं के बीच है। उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ न्याय और दूसरी तरफ अन्याय है।’’ रैली के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कुमारी सैलजा भी उपस्थित रहे। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार बड़े उद्योगपतियों की है। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए, बल्कि किसानों, मजदूरों और गरीबों की सरकार चाहिए।’’ 

इसे भी पढ़ें: देश की साइबर सिटी Gurugram में स्थानीय लोगों की पहली पसंद कांग्रेस, Mohit Grover के पक्ष में दिख रहा माहौल

अमेरिका की अपनी हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने वहां हरियाणा के कुछ प्रवासियों से मुलाकात की जो बेहतर भविष्य की तलाश में वहां गए थे क्योंकि उन्हें अपने गृह राज्य में रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे थे। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह देखना महत्वपूर्ण है कि कितना पैसा गरीब और आम लोगों की जेब में आ रहा है और कितना बाहर जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आपको यह पूछना होगा कि क्या आपकी जेब से अधिक पैसा जा रहा है या आपकी जेब में अधिक पैसा आ रहा है?’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘अदाणी जी के बारे में सोचिए। वह सुबह उठते हैं, खेत में काम नहीं करते, हल नहीं चलाते, छोटा-मोटा धंधा नहीं करते, बढ़िया खाना खाते हैं, आलीशान घर में रहते हैं और 24 घंटे, उनके बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं, बिना रुके। जैसे सुनामी आती है, वैसे ही उनके बैंक खाते में पैसे आते रहते हैं।’’ 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़