नेपाल के PM Oli बर्फ पिघलने, समुद्र के बढ़ते जल स्तर का मुद्दा संरा महासभा में उठाएंगे

PM Oli
प्रतिरूप फोटो
ANI

प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के दौरान बर्फ पिघलने और समुद्र के बढ़ते जल स्तर के मुद्दे पर दुनिया का ध्यान आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पृथ्वी के साथ-साथ हिमालय और महासागरों के पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा पर नेपाल का स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।

काठमांडू । नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने सोमवार को कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के दौरान बर्फ पिघलने और समुद्र के बढ़ते जल स्तर के मुद्दे पर दुनिया का ध्यान आकर्षित करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में हिस्सा लेने के लिए अपनी आगामी अमेरिका यात्रा के बारे में प्रतिनिधि सभा को बताते हुए ओली ने कहा कि वह ‘समिट ऑफ द फ्यूचर’ में मानव जाति व पृथ्वी के साथ-साथ हिमालय और महासागरों के पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा पर नेपाल का स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे। 

ओली 20 सितंबर को अमेरिका की यात्रा पर रवाना होंगे। यह प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। ‘समिट ऑफ द फ्यूचर’ का आयोजन 22 और 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में किया जाएगा। ओली ने कहा, “मैं यात्रा के दौरान देश की प्रतिष्ठा और गरिमा को कम नहीं होने दूंगा।” 

उन्होंने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र को नेपाल की इस नीति से अवगत कराएंगे कि वह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुसार अन्य देशों के आंतरिक मामलों में दखल नहीं देता और दूसरे देशों को भी अपने आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की इजाजत नहीं देता। ओली ने कहा, “मैं संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेपाल के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, एक संप्रभु स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उसकी पहचान, उचित राष्ट्रीय हित और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर अपने विचार स्पष्ट रूप से रखूंगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़