मुंबई पुलिस ने दिल्ली हवाई अड्डे को बम की धमकी के संबंध में फर्जी कॉल पर प्राथमिकी दर्ज की

Delhi airport
प्रतिरूप फोटो
ANI

मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसने दिल्ली हवाई अड्डा नियंत्रण कक्ष को कॉल कर झूठा दावा किया था कि मुंबई-दिल्ली उड़ान में एक महिला यात्री के पास बम है। पुलिस को संदेह है कि कॉल करने वाला व्यक्ति अंधेरी में रहने वाली महिला का भतीजा था।

मुंबई । मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसने दिल्ली हवाई अड्डा नियंत्रण कक्ष को कॉल कर झूठा दावा किया था कि मुंबई-दिल्ली उड़ान में एक महिला यात्री के पास बम है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस को संदेह है कि कॉल करने वाला व्यक्ति अंधेरी में रहने वाली महिला का भतीजा था। कॉल करने के पीछे का मकसद जांच के दायरे में है। सहार थाने के अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई, जब फोन करने वाले ने फर्जी कॉल में अंधेरी (पश्चिम) निवासी 60 वर्षीय गौरी भरवानी का नाम लिया। 

कॉल करने वाले ने महिला यात्री को ‘‘मानव बम’’ बताया था जो अपने प्रेमी से मिलने के लिए 90 लाख रुपये लेकर जा रही थी। उसने दावा किया कि महिला दिल्ली से उज्बेकिस्तान जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि इस संदेश पर तत्काल अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद हवाई अड्डा अधिकारियों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने गहन तलाशी अभियान चलाया। गहन जांच के बावजूद, किसी भी उड़ान में विवरण से मेल खाने वाला कोई यात्री नहीं मिला। 

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर यात्रियों की सूचियों की समीक्षा की, लेकिन कथित मानव बम से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में सहार पुलिस ने फोन करने वाले के बताए पते पर जाकर देखा तो पता चला कि भरवानी काफी समय पहले अंधेरी से चली गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस ने उससे संपर्क किया तो पता चला कि उसने कभी उड़ान की टिकट बुक ही नहीं की थी। अधिकारी ने बताया कि 14 से 25 अक्टूबर के बीच सहार पुलिस थाने में बम की धमकी से संबंधित यह 13वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़