कांग्रेस ने अगर अंग्रेजों के आगे घुटने नहीं टेके होते तो देश का विभाजन नहीं हुआ होता

vibhajan vibhishika smriti diwas
Prabhasakshi

आजादी के समय हुए नरसंहार के लिए तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व को ही जिम्मेदार कहा जायेगा क्योंकि उसकी अदूरदर्शिता की वजह से कई गलत निर्णय हुए थे। महात्मा गांधी धर्म के आधार पर देश के विभाजन के विरोधी थे इसलिए वह आजादी के जश्न में भी शामिल नहीं हुए थे।

कांग्रेस पार्टी की ओर से बार-बार कहा जाता है कि देश को आजादी हमने दिलाई जबकि आजादी के आंदोलन में देश की हर गली, हर मोहल्ले और हर घर का व्यक्ति शामिल था। लेकिन कांग्रेस की शह पर इतिहासकारों ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को ऐसे लिखा कि सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी के कुछ दिग्गज नेताओं के अलावा आजादी के आंदोलन में और किसी का नाम और योगदान नजर नहीं आता। इसलिए आजादी के आंदोलन की सफलता का श्रेय सिर्फ खुद को देने वाली कांग्रेस को यह भी तो बताना चाहिए कि देश के विभाजन का जिम्मेदार कौन था? विभाजन के समय जो कत्ले आम हुआ और मानवता को शर्मसार करने वाली जो घटनाएं हुईं उसका जिम्मेदार कौन था? यही नहीं, यह भी बताना चाहिए कि देश के विभाजन के चलते भारत के समक्ष जो समस्याएं खड़ी हुईं और जिनका खामियाजा आज भी देश भुगत रहा है उसका जिम्मेदार कौन है?

आजादी के समय हुए नरसंहार के लिए तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व को ही जिम्मेदार कहा जायेगा क्योंकि उसकी अदूरदर्शिता की वजह से कई गलत निर्णय हुए थे। महात्मा गांधी धर्म के आधार पर देश के विभाजन के विरोधी थे इसलिए वह आजादी के जश्न में भी शामिल नहीं हुए थे। क्योंकि यह वह आजादी नहीं थी जिसके लिए महात्मा गांधी ने लड़ाई लड़ी थी। महात्मा गांधी ने शांति और अमन चैन वाली पूर्ण आजादी की मांग की थी लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन नेताओं की वजह से उन्हें अपने उद्देश्य में आधी-अधूरी ही कामयाबी मिली थी। 

इसे भी पढ़ें: सच्चाई यह है कि विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से डर गया, वोटिंग होती तो घमंडिया गठबंधन बेनकाब हो जाता : PM मोदी

आप आजादी के समय के घटनाक्रमों पर गौर करेंगे तो साफ प्रतीत होगा कि कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व की सत्ता लोलुपता ही भारत के विभाजन का असल कारण थी। कांग्रेस जानती थी कि अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति है। इस बात को समझते हुए भी भारत के विभाजन के लिए राजी होना बहुत बड़ी गलती थी। विभाजन की प्रक्रिया को अंजाम देने के समय अंग्रेज सरकार का विरोध नहीं करके कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व ने बहुत अपराध किया था। देखा जाये तो कांग्रेस का तत्कालीन नेतृत्व इस बात के लिए आतुर था कि कैसे जल्दी से जल्दी सत्ता पर कब्जा किया जाये। इसलिए भारत का विभाजन होते समय उन्हें कोई दर्द ही नहीं हुआ। दर्द तो उन लोगों ने सहा जिन्हें अपना घरबार छोड़ना पड़ा, परिजनों को खोना पड़ा और संपत्ति से हाथ धोना पड़ा।

इतिहास में यह भी उल्लेख मिलता है कि अंग्रेजों ने जहां-जहां राज किया उनमें से उन्होंने सिर्फ चार देशों- आयरलैंड, फिलिस्तीन, साइप्रस और भारत में ही विभाजन कराया। अंग्रेजों ने विभाजन के धार्मिक और नस्ली कारण बताये लेकिन असल कारण उनके अपने राजनीतिक और सामरिक हित थे। अंग्रेजों द्वारा कराये गये सभी विभाजनों में भारत का विभाजन ही सर्वाधिक हिंसा से प्रभावित रहा। इसलिए सवाल उठता है कि अंग्रेजों की चाल समझते हुए भी कांग्रेस के तत्कालीन नेतृत्व द्वारा विभाजन का कोई विरोध क्यों नहीं किया गया।

देखा जाये तो भारत का विभाजन मानव इतिहास में सबसे बड़े विस्थापनों में से एक है, जिससे लगभग 20 से 25 लाख लोग प्रभावित हुए थे। लाखों परिवारों को अपने पैतृक गांवों, कस्बों और शहरों को छोड़ना पड़ा था और शरणार्थी के रूप में संघर्षमय जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ा था। बहुत से विद्वान मानते हैं कि उस समय कांग्रेस ने सत्ता लोलुपता ना दिखाई होती और अंग्रेजों के आगे घुटने नहीं टेके होते तो ना तो देश का विभाजन होता ना ही लोगों को विस्थापित होना पड़ता। दरअसल अंग्रेजों ने कांग्रेस की किसी भी कीमत पर सत्ता पाने की आतुरता को भांप लिया था इसलिए योजनाबद्ध तरीके से स्वतंत्रता की घोषणा पहले और विभाजन की घोषणा बाद में की थी। इससे भारत और पाकिस्तान की नयी सरकारों के सर पर एकदम से शांति कायम रखने की जिम्मेदारी आ गयी थी। जाहिर तौर पर दोनों ही सरकारें शांति व्यवस्था कायम करने के लिए तैयार नहीं थीं। इस वजह से हालात बिगड़ते चले गये। देखते-देखते दंगे भड़कते गये और जब पाकिस्तान से ट्रेनों में भरकर हिंदुओं और सिखों की लाशें आने लगीं तो यहां भी लोग उन्मादी हो गये।

यही कारण रहा कि जहां एक ओर पंडित जवाहर लाल नेहरू और उनके सहयोगी सत्ता संभालने में लगे हुए थे तो दूसरी ओर विभाजन के चलते भड़के सांप्रदायिक दंगों को रोकने के लिए उस वक्त महात्मा गांधी बंगाल के नोआखली में अनशन पर बैठ गए थे और स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल नहीं हुए थे। उस समय के हालात के बारे में जो इतिहास मिलता है वह बहुत भयावह है। 15 अगस्त 1947 की सुबह जहां आजादी लेकर आई थी और सभी के चेहरों पर खुशी थी वहीं यह भी दृश्य देखने को मिल रहे थे कि लोग ट्रेनों, बैलगाड़ियों, घोड़ों या खच्चरों पर बैठकर या फिर पैदल ही सर पर सामान लादे हुए और अपने बच्चों का हाथ पकड़े हुए अपनी मातृभूमि को छोड़कर अलग-अलग बन चुके देश की ओर रवाना हो रहे थे। भारत के विभाजन के समय भड़के सांप्रदायिक दंगों में लोगों की मौत का आंकड़ा 20 लाख तक बताया जाता है। देख जाये तो उन दंगों में ना जाने कितने परिवार बिछड़ गये, कितनी महिलाओं को अपनी इज्जत से हाथ धोना पड़ा, कितने लोगों के शरीर के टुकड़े कर दिये गये, कितने लोगों के घर लूट लिये गये या फूंक दिये गये...तत्कालीन सरकार और प्रशासन बस शांति की अपील करता रह गये थे। तत्कालीन राजनेताओं की यह सबसे बड़ी नाकामी थी कि ना तो वह देश का विभाजन रोक पाये और ना ही कत्लेआम। लेकिन सवाल उठता है कि क्या उस नाकामी का श्रेय आज की कांग्रेस लेगी? 

इसके साथ ही, विभाजन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने वालों से एक सवाल यह भी है कि पंडित नेहरू के राज में 1962 की लड़ाई के दौरान जब चीन ने भारत के काफी बड़े भूभाग पर कब्जा जमा लिया था और तत्कालीन केंद्र सरकार कुछ नहीं कर पाई थी तो उसके लिए किसे दोषी ठहराया जाये। इसके अलावा, विभाजन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने वालों से एक सवाल यह भी है कि जब इंदिरा गांधी की सरकार ने 1974 में कच्चातिवु द्वीप श्रीलंका के सुपुर्द कर भारत के हितों को नुकसान पहुँचाया था तो उसके लिए किसे दोषी ठहराया जाये?

वैसे यह गर्व करने लायक बात है कि आजादी के बाद से अब तक भारत बहुत आगे बढ़ गया है और दुनिया का सबसे बड़ा और सफल लोकतंत्र तथा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। लेकिन देश के विभाजन के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। अपनी आजादी का जश्न मनाते हुए एक कृतज्ञ राष्ट्र के रूप में हमें अपनी मातृभूमि के उन बेटे-बेटियों को 14 अगस्त के दिन विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर अवश्य नमन करना चाहिए, जिन्हें हिंसा के उन्माद में अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी थी। हम आपको याद दिला दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था कि हर साल 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जायेगा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा के पीछे उद्देश्य यह था कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ी विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेले गए दर्द और पीड़ा को जाने। देखा जाये तो विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना के जहर को खत्म करने के लिए न केवल प्रेरित करता है बल्कि इससे देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाएं भी मजबूत होंगी।

बहरहाल, भारत को 15 अगस्त, 1947 को ब्रिटिश शासन से आज़ादी मिलने पर स्वतंत्रता की मिठास के साथ-साथ देश के विभाजन का आघात भी सहना पड़ा था। नए स्वतंत्र भारतीय राष्ट्र का जन्म विभाजन के हिंसक दर्द के साथ हुआ था जिसने लाखों भारतीयों पर पीड़ा के स्थायी निशान छोड़े हैं। उस समय के सियासी सेनानियों ने कुछ ऐसी गलतियां की थीं जिसकी बड़ी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ी थी। इसलिए एक बार फिर सवाल उठता है कि जो लोग भारत की आजादी का श्रेय अकेले लेना चाहते हैं वह यह बताएं कि भारत के विभाजन के लिए किसे दोषी ठहराया जाये?

-नीरज कुमार दुबे

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़