Asian Kabaddi Championship में भारत के आगे जापान ने टेके घुटने, 62-17 से जीता मुकाबला

Kabaddi Championship
प्रतिरूप फोटो
Twitter @KabaddiManual
रितिका कमठान । Jun 28 2023 2:39PM

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने काफी अच्छा खेल दिखाया। मुकाबले का पहला हाफ खत्म होने पर भारत का स्कोर 32 रहा था जबकि जापान महज 6 अंक पर था। भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही 26 अंकों की बढ़त बनाई थी।

एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप 2023 में भारतीय टीम ने धमाकेदार शुरुआत की है। बुधवार को जापान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने विपक्षी टीम को जबरदस्त तरीके से धूल चटाई है। इस मुकाबले में पहले हाफ में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और मुकाबले में अपनी स्थिति को मजबूत कर लिया, जिसके आगे जापान की टीम कुछ खास कमाल नहीं कर सकी। इस मुकाबले में भारत ने जापान को 62-17 से मात दी है।

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने काफी अच्छा खेल दिखाया। मुकाबले का पहला हाफ खत्म होने पर भारत का स्कोर 32 रहा था जबकि जापान महज 6 अंक पर था। भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही 26 अंकों की बढ़त बनाई थी। भारतीय टीम की ये बढ़त आगे भी जारी रही। इस शानदार बढ़त को मजबूत बनाते हुए भारत ने अंत में 62-17 से ये मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बता दें कि इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए पहला पॉइंट पवन सेहरावत ने बनाया। पवन के बाद मुकाबले में खिलाड़ियों ने लगातार अंक बटोरे और जापान को पछाड़ते गए। जापान ने पहला अंक उस समय हासिल किया जब भारत 18 अंक बना चुकी थी। इसके बाद दूसरे हाफ के दौरान भारतीय टीम ने शुरुआती पांच मिनट में ही पूरी जापान की टीम को ऑलआउट करने में सफलता हासिल की। इस दमदार प्रदर्शन की मदद से भारत की टीम 13वें मिनट में 50 के स्कोर तक पहुंची जबकि जापान सिर्फ 12 अंक पर सिमटा हुआ था।

मुकाबले के अंत में भारत 62 स्कोर पर थी जबकि जापान की टीम सिर्फ 17 अंक हासिल कर सकी। भारत ने 45 अंकों के बड़े अंतर से इस मुकाबले में कब्जा जमाया है। जापान ने पहले हाफ में 6 और दूसरे हाफ में 11 अंक बनाए है। वहीं भारत ने पहले हाफ में 32 और दूसरे मे 30 अंक बनाए। भारत के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पूरे मुकाबले में भारतीय टीम का ही दबदबा रहा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़