गुजरात की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक 3.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने में GRIT के महत्व की भूमिका

Bhupendra Patel0
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
नीलेश शुक्ला । Sep 12 2024 12:25PM

गुजरात की विकास रणनीति, राज्य की ताक़तों का लाभ उठाने के लिए बनाई गई है, जिसमें इसकी रणनीतिक स्थिति, औद्योगिक आधार और कुशल कार्यबल शामिल हैं। राष्ट्रीय लक्ष्यों के साथ तालमेल बिठाकर, गुजरात स्वयं को विकसित भारत के विज़न को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है।

आने वाला युग विकास का युग है, इस बात का संकेत देते हुए गुजरात सरकार ने हाल ही में स्टेट इंस्टीट्यूशन फॉऱ ट्रांसफॉर्मेशन यानि GRIT की स्थापना की है। यह संस्थान एक थिंक टैंक की तरह है जो नीति आयोग की संरचना और उद्देश्यों के आधार पर ही डिज़ाइन किया गया है। ये थिंक टैंक गुजरात को वर्ष 2047 के विज़न के अनुसार एक विकसित राज्य बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। 

 

GRIT की स्थापना 

गुजरात की पहचान एक प्रगतिशील और उद्यमशील राज्य की है जिसने भारत के आर्थिक विकास में हमेशा से ही अहम भूमिका निभाई है। परिवर्तन और उपलब्धियों के अपने समृद्ध इतिहास के साथ, गुजरात अब महत्वाकांक्षी भविष्य की ओर देखते हुए अपने कदम बढ़ा रहा है। GRIT का गठन गुजरात के इसी दूरदर्शी दृष्टिकोण का प्रमाण है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल इस थिंक टैंक के अध्यक्ष और वित्त मंत्री कनुभाई देसाई उपाध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में यह संस्था, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों को एक साथ एक मंच पर लाने का काम करेगी जिससे भविष्य के विकास के लिए एक मज़बूत रणनीति तैयार करके उसे क्रियान्वित किया जा सके। 

GRIT सिर्फ एक ब्यूरोक्रेटिक संस्थान नहीं है बल्कि यह गुजरात के साधन एवं संसाधनों का उचित उपयोग करते हुए एक विकसित भविष्य की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए शुरू की गई एक रणनीतिक पहल है। थिंक टैंक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार, मुख्य सचिव और वित्त एवं योजना के अतिरिक्त प्रधान सचिव शामिल हैं। ये सभी साथ मिलकर एक ऐसी गवर्निंग बॉडी बनाते हैं जो केवल और केवल गुजरात को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाने के लिए समर्पित है। 

विज़न डॉक्यूमेंट का निर्माण 

GRIT के मिशन के केंद्र में विकसित गुजरात @ 2047 विज़न डॉक्यूमेंट है, जिसमें राज्य के विकास के लिए रोडमैप की रूपरेखा है। यह दस्तावेज़ सिर्फ़ एक योजना नहीं है; यह गुजरात को टिकाऊ और समावेशी विकास के मॉडल में बदलने का ब्लू प्रिंट है। विज़न डॉक्यूमेंट एक ऐसा भविष्य बनाने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है जहां हर नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध हों।

आर्थिक महत्वाकांक्षाएं 

गुजरात की आर्थिक प्रगति में उल्लेखनीय परिवर्तन आने वाला है। वर्तमान में लगभग 259 बिलियन डॉलर के मूल्य के साथ गुजरात की अर्थव्यवस्था के वर्ष 2047 तक 3.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। यह बढ़ोतरी सिर्फ संख्याओं के बारे में नहीं है बल्कि गुजरात के आर्थिक परिदृश्य में होने वाले परिवर्तन का प्रमाण है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय 38,000 डॉलर से अधिक होने की उम्मीद है, जो गुजरात के निवासियों के जीवन स्तर में होने वाले एक महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाता है।

गुजरात का इकोनॉमिक विज़न, औद्योगिक विकास, इनोवेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर ध्यान केंद्रित हुए बनाया गया है। गुजरात का लक्ष्य, अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करना, उद्यमशीलता को बढ़ावा देना और आर्थिक विस्तार  को आगे बढ़ाने के लिए अपने औद्योगिक आधार को मज़बूत बनाना है। गुजरात, अपनी मौजूदा ताक़त का लाभ उठाकर और नए अवसर पैदा करके, देश ही नहीं बल्कि ग्लोबल अर्थव्यवस्था में भी एक अहम खिलाड़ी बनने के लिए तैयार है। 

जनसंख्या के बदलते आयाम 

वर्ष 2047 तक गुजरात की जनसंख्या में भी महत्वपूर्ण रूप से विकास होगा। राज्य की आबादी 8 से 9 करोड़ के बीच पहुंचने की उम्मीद है, जिसकी औसत आयु 38 से 40 वर्ष होगी। यह जनसांख्यिकी बदलाव अवसर और चुनौतियां दोनों अपने साथ लेकर आएगा। बढ़ती शहरी आबादी, के लगभग 70% होने का अनुमान है और इस आबादी की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए आने वाले समय में बुनियादी ढांचे, सेवाओं और शहरी प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं की आवश्यकता होगी।

GRIT के विज़न में जनसंख्या से जुड़े इन्हीं बदलावों पर ध्यान केंद्रित हुए शहरी विकास एवं सस्टेनेबल शहरों का निर्माण शामिल है। साथ ही साथ यह सुनिश्चित करना भी है कि आर्थिक विकास के लाभ सभी में समान रूप से वितरित हों। इस थिंक टैंक का उद्देश्य एक ऐसा राज्य बनाना है जहां शहरीकरण से नई समस्याएं पैदा ना हों बल्कि नए अवसर पैदा हों और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो। 

क्वॉलिटी ऑफ लाइफ को बेहतर बनाने का विज़न

विकसित गुजरात @ 2047 विज़न के केंद्र में एक स्वस्थ, शिक्षित और सस्टेनेबल समाज बनाने का लक्ष्य है। गुजरात एक ऐसे भविष्य की कल्पना करता है जहां हर एक नागरिक को स्वच्छ हवा, पानी और 24x7 बिजली की उपलब्धता के साथ-साथ अन्य सभी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं प्राप्त हों। इस विज़न का आधार, कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थकेयर कवरेज, मल्टीडिस्लीप्लनरी शिक्षा और स्किलिंग होगी जिससे सभी नागरिकों को आगे बढ़ने के उचित अवसर प्राप्त होंगे। 

सस्टेनेबिलिटी भी इस विज़न का एक प्रमुख बिंदु है जिसमें स्वच्छ और हरित वातावरण बनाना, जलवायु परिवर्तन को संबोधित करना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि विकास के लिए पर्यावरण से समझौता ना किया जाए। गुजरात का लक्ष्य एक ऐसा मॉडल बनना है जो आर्थिक विकास की राह पर चलते हुए पर्यावरण संरक्षण को पीछे ना छोड़े बल्कि दोनों साथ-साथ चलें।

राष्ट्रीय लक्ष्यों के साथ तालमेल 

गुजरात का विज़न, भारत के प्रधानमंत्री के विकसित भारत @ 2047, जिसका उद्देश्य देश को आज़ादी के 100 साल पूरे करने पर एक विकसित राष्ट्र के रूप में बदलना है, के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप ही है। यह तालमेल राष्ट्रीय विकास एजेंडे में गुजरात की भूमिका को रेखांकित करता है और भारत की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने की इसकी क्षमता को उजागर करता है। यह विज़न देश के विकास एजेंडा को पूरा करने में गुजरात के योगदान को सुनिश्चित करने पर आधारित है क्योंकि गुजरात के वो ताकत है जिससे वह विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में अधिक से अधिक योगदान दे सकता है। 

गुजरात की विकास रणनीति, राज्य की ताक़तों का लाभ उठाने के लिए बनाई गई है, जिसमें इसकी रणनीतिक स्थिति, औद्योगिक आधार और कुशल कार्यबल शामिल हैं। राष्ट्रीय लक्ष्यों के साथ तालमेल बिठाकर, गुजरात स्वयं को विकसित भारत के विज़न को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है। 

कार्यान्वयन और प्रभाव 

GRIT की सफलता के लिए, इसकी रणनीतियों और योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन महत्वपूर्ण होगा। इसमें न केवल विस्तृत कार्य योजनाएं बनाना शामिल है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि उन्हें कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए। अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए GRIT को सरकारी विभागों, व्यवसायों और नागरिकों सहित सभी हितधारकों के आपसी तालमेल एवं सहयोग की आवश्यकता होगी।

GRIT के काम का प्रभाव दूरगामी होगा। आर्थिक विकास को बढ़ावा देकर, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करके और सतत विकास को बढ़ावा देकर, GRIT का लक्ष्य अन्य राज्यों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित करना है। इस पहल की सफलता न केवल गुजरात को बदल देगी, बल्कि एक समृद्ध भारत के विकास में भी योगदान देगी।

निष्कर्ष

GRIT की स्थापना गुजरात के 2047 तक विकसित राज्य बनने की यात्रा में एक महत्वपूर्ण क्षण है। दूरदर्शी  विज़न, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ, गुजरात अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जैसे-जैसे गुजरात इस परिवर्तनकारी यात्रा पर आगे बढ़ेगा, GRIT इसके भविष्य को आकार देने और यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा कि विकसित गुजरात का सपना साकार हो। 

रणनीतिक योजना, प्रभावी कार्यान्वयन और राष्ट्रीय उद्देश्यों के अनुरुप काम करते हुए, GRIT का लक्ष्य गुजरात को एक ऐसे भविष्य की ओर ले जाना है जो प्रगति, समृद्धि और समावेशिता की मिसाल हो। भविष्य की यात्रा चुनौतीपूर्ण अवश्य होगी लेकिन दृढ़ संकल्प और सहयोग के साथ, गुजरात विकास और इनोवेशन के आदर्श के रूप में उभरने के लिए तैयार है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़