पैक कार्टन से भरा कमरा और सोफे पर बैठ काम करतीं CM आतिशी, VIDEO से क्या बताने की कोशिश कर रही AAP

CM Atishi
X@AamAadmiParty
अंकित सिंह । Oct 10 2024 2:05PM

पार्टी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार तमाम बाधाओं और मुश्किलों से लड़ते हुए अंतिम सांस तक दिल्ली की जनता की सेवा करती रहेगी और उनके हक़ और अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी।

आम आदमी पार्टी (आप) सरकार बनाम दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) के बीच गतिरोध गुरुवार को मुख्यमंत्री आतिशी के 'घर' तक पहुंच गया, जब उन्हें सिविल लाइंस बंगला खाली करने के लिए कहा गया। आतिशी ने दो दिन पहले ही अपना कुछ सामान सिविल लाइंस के 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर शिफ्ट किया था। पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को बंगले पर कब्जा कर लिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। गुरुवार को AAP ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 'इशारे' पर एलजी वीके सक्सेना ने उन्हें दिल्ली सीएम के आधिकारिक आवास से 'बाहर निकाल दिया। 

इसे भी पढ़ें: Delhi CM आवास को किया गया सील, हैंडओवर को लेकर विवाद, AAP का आरोप- आतिशी का सारा सामान निकाल दिया गया बाहर

इन सबके बीच आप ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें आतिशी पैक किए गए सामान के बीच एक फाइल पर हस्ताक्षर करते हुए देखी जा सकती हैं। तस्वीर में ये दिखाया गया है कि कमरे में सामान से भरे कार्टन रखे गए हैं और उनके बीच एक सोफा पर बैठकर सीएम आतिशी फाइलों पर हस्ताक्षर कर रही हैं। आप ने पोस्ट किया कि ये होता है जनता के लिए काम करने का जज़्बा। भाजपा के एलजी दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री आतिशी का आवास छीनकर सीएम हाउस से उनका सामान तो बाहर फिकवा सकते हैं लेकिन जनता की सेवा और काम करने के जज्बे को नहीं छीन सकते।

पार्टी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार तमाम बाधाओं और मुश्किलों से लड़ते हुए अंतिम सांस तक दिल्ली की जनता की सेवा करती रहेगी और उनके हक़ और अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी। पूरा मामला क्या है कि हम आपको बताते हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने यह आवास खाली कर दिया था। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आवास 4 अक्टूबर को खाली किया था। आतिशी इस आवास में 7 अक्टूबर को शिफ्ट हुई थीं। लेकिन 8 अक्टूबर को दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बड़ा आरोप लगा दिया। उन्होंने दावा किया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव को पत्र लिखकर चाबी सौंपने का अनुरोध किया गया है। 

इसे भी पढ़ें: Delhi: संजय सिंह का आरोप, झूठ फैलाकर सीएम आवास पर क़ब्ज़ा करना चाह रही भाजपा

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इसका मतलब है कि केजरीवाल ने अपना आवास खाली किया ही नहीं था। इसके बाद 9 अक्टूबर का दिन आता है। आतिशी के समान को घर से बाहर निकाल कर इसे पूरी तरीके से सील कर दिया जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि क्यों मुख्यमंत्री आतिशी का सामान बाहर करके आवास को सील किया गया? दरअसल, आरोप है कि इस बंगले को विधिवत तरीके से पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट को हैंडोवर नहीं किया गया। इतना ही नहीं, उससे पहले ही मुख्यमंत्री आतिशी का सामान इस बंगले में पहुंचा दिया गया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़