Jharkhand: व्यक्ति की हत्या करने और शव के टुकड़े करने के आरोप में दंपती गिरफ्तार

killing man
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Common

ओडिशा के रायरंगपुर शहर से 20 मार्च से लापता डमरुधर मोहंती उर्फ ​​विक्की की एक दंपती ने करीब एक महीने पहले हत्या कर दी थी और यहां एक अपार्टमेंट में कुल्हाड़ी से उसके शरीर के कई टुकड़े कर दिए थे।

जमशेदपुर। ओडिशा के रायरंगपुर की एक पुलिस टीम ने सोमवार को 38-वर्षीय उस व्यक्ति के शव के कुछ टुकड़े बरामद किये, जिसकी एक दंपती ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी तथा उसके शव के कई टुकड़े कर दिये थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के रायरंगपुर शहर से 20 मार्च से लापता डमरुधर मोहंती उर्फ ​​विक्की की एक दंपती ने करीब एक महीने पहले हत्या कर दी थी और यहां एक अपार्टमेंट में कुल्हाड़ी से उसके शरीर के कई टुकड़े कर दिए थे। उन्होंने बताया कि आरोपी खुशबू सागर और उसके पति कमल कांत सागर ने विक्की की हत्या की थी और शव के टुकड़ों को पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा और कमलपुर समेत अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया था।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी दंपती द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, निरीक्षक स्वर्णलता मिंज के नेतृत्व में रायरंगपुर टाउन मॉडल थाना की एक टीम ने पटमदा और कमालपुर थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह और धिरंजन कुमार के साथ मिलकर विक्की के शव के कुछ टुकड़े बरामद किये। सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थंथनी घाटी इलाके से शव का एक हिस्सा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पेशे से चालक विक्की का कथित तौर पर खुशबू के साथ अवैध संबंध था और वह कुछ समय से इस मुद्दे पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।

इसे भी पढ़ें: युवा शक्ति भारत के विकास को आगे ले जाने वाली ताकत : PM Modi

अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब सामने आई, जब 13 अप्रैल को विक्की की पत्नी ने ओडिशा में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई और बाद में हुई पुलिस जांच में विक्की के जमशेदपुर से तार जुड़े होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। निरीक्षक मिंज ने बताया कि छानबीन अब भी जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़