नायडू की गिरफ्तारी के मामले में हस्तक्षेप करें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री:तेदेपा

N. Chandrababu Naidu
Creative Common

इस बीच, नायडू के रिश्तेदार और हिंदूपुर से विधायक अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने नायडू की गिरफ्तारी को दमनकारी कृत्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी लोगों के कल्याण पर ध्यान देने के बजाय प्रतिशोधपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। रेड्डी इस समय लंदन में हैं।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के वरिष्ठ नेताओं ने कथित कौशल विकास निगम घोटाले के लिए आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की ‘गैर कानूनी’ गिरफ्तारी के मामले में शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप की मांग की। श्रीकाकुलम से संसद सदस्य राम मोहन नायडू किंजारपू ने नायडू की गिरफ्तारी को “गैरकानूनी” और अलोकतांत्रिक करार दिया। प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में सांसद ने कहा, “आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू का 45 साल का साफ और बेदाग राजनीतिक करियर है...उन्हें गैरकानूनी और अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार किया गया।” उन्होंने एक पत्र में मुर्मू को संबोधित करते हुए उनसे तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

किंजारपू ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को भी एक पत्र लिखकर पूर्व मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के समय को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया की वैधता और निष्पक्षता को लेकर संदेह और चिंता पैदा करता है। विजयवाड़ा से लोकसभा सदस्य केसिनेनी श्रीनिवास ने शाह को लिखे अपने पत्र में नायडू की गिरफ्तारी को अवैध बताया और कहा कि पुलिस कार्रवाई का समय गंभीर संदेह पैदा करता है। श्रीनिवास ने गृह मंत्री से गहन, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को पत्र लिखा और मामले को सुलझाने व लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।इस बीच, नायडू के रिश्तेदार और हिंदूपुर से विधायक अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने नायडू की गिरफ्तारी को दमनकारी कृत्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी लोगों के कल्याण पर ध्यान देने के बजाय प्रतिशोधपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। रेड्डी इस समय लंदन में हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़