Ayodhya में आयोजित हो रहा भव्य Deepotsav कार्यक्रम, 24 लाख दीये जलाकर मनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

deepotsav ayodhya
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
रितिका कमठान । Nov 11 2023 6:42PM

इन झांकियों में रामायण की कई घटनाओं का चित्रण किया गया है। इन झांकियों को राम की पैड़ी तक ले जाया जाएगा। राम की पैड़ी पर ही 24 लाख दीयों को सजाया गया है, जहां वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके बाद शाम को लेजर शो और साउंड शो आयोजित किया जाएगा।

देश भर में दिवाली की धूम मची हुई है। दिवाली के पांच दिवसीय कार्यक्रम को मनाने के लिए अयोध्या में भी भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में 24 लाख से अधिक दीपों को एक साथ जगमग कर दिवाली मनाई जाएगी। इस भव्य आयोजन से पहले कई सांस्कृति झांकिया भी निकाली गई है। इसके साथ ही लोकनृत्य का मजा भी श्रद्धालुओं ने लिया है।

इन झांकियों में रामायण की कई घटनाओं का चित्रण किया गया है। इन झांकियों को राम की पैड़ी तक ले जाया जाएगा। राम की पैड़ी पर ही 24 लाख दीयों को सजाया गया है, जहां वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके बाद शाम को लेजर शो और साउंड शो आयोजित किया जाएगा। अयोध्या के इस रिकॉर्ड दीपोत्सव कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्रियों ने भी शिरकत की है।

दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा,‘‘राम की नगरी में दीपोत्सव का कार्यक्रम होने जा रहा है। विश्व में सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का एक बार फिर नया कीर्तिमान बनेगा।’’ उन्होंने कहा कि इस बार के दीपोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम का राज्याभिषेक करेंगे। सिंह ने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भगवान राम के राज्याभिषेक के दौरान दुनिया के 50 महत्वपूर्ण देशों के राजनयिक भी मौजूद रहेंगे।’’

उन्होंने कहा कि यह दीपोत्सव सभी को त्रेतायुग की याद दिलाता है, जब भगवान राम लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटे थे। मंत्री ने कहा,‘‘यह अयोध्या ही पूरे हिन्दुस्तान का सौभाग्य है। भारतीय सनातन संस्कृति की ओर से यह संदेश पूरे विश्व पटल पर जाएगा।’’ अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार के गठन के साथ हुई थी। उस वर्ष (2017 में) 51,000 दीयों से शुरुआत होने के बाद, 2019 में यह संख्या 4.10 लाख, 2020 में 6 लाख से अधिक और 2021 में 9 लाख से अधिक हो गई, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

इसके बाद, 2022 में राम की पैड़ी के घाटों पर 17 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित किये गए, लेकिन गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने केवल उन दीयों की गिनती की, जो पांच मिनट या उससे अधिक समय तक प्रज्वलित रहे और यह रिकॉर्ड 15.76 लाख दीयों का है। पिछले साल अक्टूबर में हुए दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि थे। इस साल का आयोजन विशेष होगा क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य जोर-शोर से जारी है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़