पुडुचेरी में भाजपा विधायकों ने की विधानसभा के घेराव की कोशिश
पुडुचेरी विधानसभा अध्यक्ष वी वैथिलिंगम की 10 जुलाई की कार्रवाई के विरोध में विधानसभा की घेराबंदी की कोशिश कर रहे करीब 150 भाजपा कार्यकर्ताओं को आज हिरासत में लिया गया।
पुडुचेरी। पुडुचेरी विधानसभा अध्यक्ष वी वैथिलिंगम की 10 जुलाई की कार्रवाई के विरोध में विधानसभा की घेराबंदी की कोशिश कर रहे करीब 150 भाजपा कार्यकर्ताओं को आज हिरासत में लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने मनोनीत तीन विधायकों का मनोनयन खारिज कर दिया था। कुछ प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा तक जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री वी नारायणसामी का पुतला भी जलाया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष वी स्वामीनाथन, कोषाध्यक्ष केजी शंकर और पार्टी कार्यकर्ता एस. सेल्वागणपति का मनोनयन खारिज करने की विधानसभा अध्यक्ष की कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की और सरकारी अस्पताल के पास लगाये गये अवरोधकों को पार करने की कोशिश की।
पुलिस ने मामले में दखल देकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका और हिरासत में ले लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुतला जलाने के लिये कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुडुचेरी पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल में पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को मनोनीत विधायक बनाए जाने के आदेश जारी किए थे। उपराज्यपाल किरण बेदी ने चार जुलाई को राज निवास में तीनों सदस्यों को पद एवं गोपनियता की शपथ दिलायी थी, जिसका सत्तारूढ़ कांग्रेस, उसकी सहयोगी द्रमुक एवं वाम दलों एवं अन्य ने विरोध किया था। विधानसभा अध्यक्ष ने हाल में किरण बेदी की ओर से भेजी गयी सभी फाइलों को इस आधार पर वापस कर दिया था कि इन तीनों सदस्यों का मनोनयन वैध नहीं है और इन्हें उचित तरीके से नहीं किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने यह कदम उठाते हुए कहा था कि सक्षम प्राधिकारी ने उनके कार्यालय से संवाद नहीं किया था।
अन्य न्यूज़