Iran : नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस की सजा एक साल बढ़ायी गयी

Nobel Peace Prize winner Nargis
प्रतिरूप फोटो
nobel prize website

ईरान की जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी की सजा एक साल बढ़ा दी गई है।

दुबई। ईरान की जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी की सजा एक साल बढ़ा दी गई है। उनके वकील ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोहम्मदी की गतिविधियों को लेकर सजा बढ़ायी गयी है। मोहम्मदी के वकील मुस्तफा निली ने एपी से कहा कि उनकी मुवक्किल को व्यवस्था के खिलाफ दुष्प्रचार करने के आरोप में दोषी ठहराया गया है। 

उन्होंने कहा कि यह सजा नरगिस मोहम्मदी द्वारा मतदाताओं से ईरान के हालिया संसदीय चुनाव का बहिष्कार करने का आग्रह करने, यूरोप के सांसदों को पत्र भेजने तथा एक अन्य ईरानी पत्रकार और राजनीतिक कार्यकर्ता को दी गयी यातना के बारे में टिप्पणी करने के बाद दी गई है। नरगिस मोहम्मदी (52) को ईरान की कुख्यात एविन जेल में रखा गया है, जहां राजनीतिक कैदियों और पश्चिमी देशों से संबंध रखने वाले लोगों को रखा जाता है। 

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान के कई हिस्सों में 4.7 तीव्रता के भूकंप के झटके

नरगिस पहले से ही 30 महीने की सजा काट रही हैं और जनवरी में उनकी सजा 15 महीने और बढ़ा दी गई। ईरान की सरकार ने उनकी अतिरिक्त सजा को स्वीकार नहीं किया है। उन्हें पिछले साल अक्टूबर में नोबेल पुरस्कार दिया गया था। वह नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाली 19वीं व दूसरी ईरानी महिला हैं। उनसे पहले 2003 में मानवाधिकार कार्यकर्ता शिरीन इबादी को इस सम्मान के लिए चुना गया था। मोहम्मदी ने ईरानी अधिकारियों द्वारा कई बार गिरफ्तार किए जाने और कई साल तक जेल में रहने के बावजूद अपनी गतिविधियों को नहीं रोका है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़