जापान ने रूस के वाणिज्य दूत को देश से निष्कासित किया

Japan
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

जापान ने पिछले महीने एक जापानी राजनयिक को कथित जासूसी के लिए मास्को से निष्कासित किये जाने के जवाब में मंगलवार को देश के उत्तरी शहर साप्पोरो से रूसी वाणिज्य दूत को छह दिनों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया।

जापान ने पिछले महीने एक जापानी राजनयिक को कथित जासूसी के लिए मास्को से निष्कासित किये जाने के जवाब में मंगलवार को देश के उत्तरी शहर साप्पोरो से रूसी वाणिज्य दूत को छह दिनों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया। जापानी विदेश मंत्री योशिमासा हयाशी ने कहा कि उनके मंत्रालय ने वाणिज्य दूत को एक अवांछित व्यक्ति घोषित किया और उन्हें अगले सोमवार तक देश छोड़ने का आदेश दिया। मंत्रालय ने वाणिज्य दूत का नाम जारी नहीं किया, लेकिन कहा कि यह कदम ‘‘रूस द्वारा उठाए गए कदम के जवाब में एक उपयुक्त उपाय के तौर पर किया गया।’’

हयाशी ने कहा कि उप विदेश मंत्री ताकेओ मोरी ने जापान में रूसी राजदूत मिखाइल गालुजिन को इस फैसले के बारे में सूचित करने के लिए तलब किया। पिछले महीने रूस ने जासूसी के आरोपों में व्लादिवोस्तोक में जापानी वाणिज्य दूत को हिरासत में लिया था और उन्हें देश से निष्कासित कर दिया था। वाणिज्य दूत तत्सुनोरी मोतोकी पिछले सप्ताह जापान लौट आये थे। जापानी अधिकारियों का कहना है कि कथित जासूसी के आरोप में हिरासत में लिए गए मोतोकी की आंखों पर पट्टी बांधी गई थी। उन्हें 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया था।

जापान ने आरोपों का खंडन किया है। हयाशी ने मोतोकी के साथ रूस के व्यवहार को अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद रूस पर जापान द्वारा प्रतिबंध लगाये जाने के बाद, यह विवाद दोनों देशों के बिगड़ते संबंधों का ताजा उदाहरण है। जापान और रूस ने एक-दूसरे के कई राजनयिकों को निष्कासित किया है। रूस ने जापान के साथ शांति वार्ता रोक दी है, जिसमें द्वितीय विश्व युद्ध के अंत में सोवियत संघ द्वारा नियंत्रण में लिये गए द्वीपों को लेकर वार्ता शामिल है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़