व्हाइट हाउस में होने जा रहे ईस्टर आयोजनों में योग सत्र भी शामिल

व्हाइट हाउस के लॉनों में सोमवार को होने जा रहे ईस्टर एग आयोजनों के दौरान हजारों अमेरिकियों को योग सत्रों में शामिल होने का अवसर मिलेगा जिनमें पेशेवर योग शिक्षक योग की जानकारी देंगे।
व्हाइट हाउस के लॉनों में सोमवार को होने जा रहे ईस्टर एग आयोजनों के दौरान हजारों अमेरिकियों को योग सत्रों में शामिल होने का अवसर मिलेगा जिनमें पेशेवर योग शिक्षक उन्हें योग की जानकारी देंगे। ओबामा प्रशासन का व्हाइट हाउस में यह आखिरी ईस्टर एग आयोजन है और उनके सम्मान में इस वर्ष आयोजन की थीम ‘‘लेट्स सेलिब्रेट’’ है। ईस्टर एग आयोजन के लिए व्हाइट हाउस में बनाए गए 10 अलग अलग जोन में से एक जोन ‘‘योग गार्डन’’ है, जिसमें शामिल होने के लिए करीब 35,000 टिकट जारी किए गए हैं।
व्हाइट हाउस ईस्टर एग रोल की परंपरा 138 वर्षों से चली आ रही है जिसमें विभिन्न कार्यक्रम, गतिविधियां और प्रतिभा संबंधी आयोजन किए जाते हैं। यह व्हाइट हाउस में होने वाला सबसे बड़ा सालाना सार्वजनिक समारोह होता है। इस वर्ष ईस्टर एग समारोह में लाइव म्यूजिक, स्पोर्ट्स कोर्ट्स कुकिंग स्टेशन्स, स्टोरी टेलिंग और ईस्टर एग रोलिंग का आयोजन होगा। प्रथम महिला मिशेल ओबामा की ‘‘लेट्स मूव’’ पहल के समर्थन में इस वर्ष ईस्टर एग आयोजन में पहली बार ‘‘व्हाइट हाउस फन रन’’ कार्यक्रम होगा जिसमें मिशेल बच्चों के लिए सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की खातिर 250 बच्चों के साथ दौड़ेंगी। इस साल की विशेष अतिथि टोनी अवार्ड विजेता, मल्टी-प्लैटिनम रिकॉर्डिंग की कलाकार इदिना मेंजेल होंगी जो देश के राष्ट्रीय गीत को गाएंगी और रॉक एंड एग रोल मंच पर प्रस्तुति देंगी।
अन्य न्यूज़