अब स्पेस में भी अमेरिका का होगा राज, ट्रंप ने लॉन्च किया अंतरिक्ष कमान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 30, 2019

वाशिंगटन। अमेरिका ने ‘‘भविष्य के युद्ध क्षेत्र’’ अंतरिक्ष में अपने हितों की रक्षा करने के लिए अंतरिक्ष कमान की स्थापना की है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से इस कमान को औपचारिक रूप से लॉन्च किया। जनरल जॉन डब्ल्यू रेमंड को नवगठित अमेरिकी अंतरिक्ष कमान का कमांडर नियुक्त किया गया है। इस कमान की स्थापना अमेरिकी सेना की 11वीं एकीकृत लड़ाकू कमान के तौर पर की गई है।

व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित औपचारिक समारोह में ट्रंप ने कहा कि यह बड़ी पहल है। नवगठित लड़ाकू कमान ‘स्पेसकॉम’ अंतरिक्ष में अमेरिकी हितों की रक्षा करेगी, जो अगला युद्ध क्षेत्र होगा।’’ इस समारोह में अन्य गणमान्य लोगों के साथ अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और रक्षामंत्री मार्क एस्पर भी मौजूद थे। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि रूस और चीन अंतरिक्ष में अमेरिका के लिए संभावित खतरा पैदा कर सकते हैं। 

इसे भी पढ़ें: अब इमरान के मंत्री ने कहा, कश्मीर पर भारत और पाक को ‘धोखा’ दे रहे हैं ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि अब, जो भी अमेरिका का अहित करने की मंशा रखेगा, हमें अंतरिक्ष में चुनौती देने की कोशिश करेगा,उसे बड़ी कीमत चुकानी होगी। हमारे विरोधी नई तकनीकों की मदद से अमेरिकी उपग्रहों को निशाना बनाकर पृथ्वी की कक्षाओं का शस्त्रीकरण कर रहे हैं, ये उपग्रह युद्ध क्षेत्र अभियानों और हमारे जीने के तरीके के लिए महत्वपूर्ण हैं। अमेरिका के खिलाफ दागी गई मिसाइलों का पता लगाकर उन्हें नष्ट करना अंतरिक्ष में संचालन की हमारी आजादी के लिए जरूरी है।’’

इसे भी पढ़ें: अमेजन वर्षावन को आग से बचाने के लिए ब्राजील की मदद करेगा अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमने भूमि, हवा, समुद्र और साइबर जगत को युद्ध क्षेत्र के रूप में पहचाना है और अब हम अंतरिक्ष को एक स्वतंत्र क्षेत्र समझेंगे जिस पर एकीकृत लड़ाकू कमान निगरानी रखेगी। ट्रंप ने कहा कि अंतरिक्ष कमान के बाद जल्द ही सेना की छठी ईकाई के तौर पर अमेरिकी अंतरिक्ष बल की स्थापना की जाएगी। यह बल स्पेसकॉम मिशन लिए सैनिकों को प्रशिक्षित करने और साजो सामान मुहैया कराने में मदद करेगा। गौरतलब है कि अमेरिकी अंतरिक्ष कमान की दोबारा स्थापना की गई है। वर्ष 1985 से 2002 के बीच भी यह अस्तिव में था। 

 

प्रमुख खबरें

Paralympics 2024: नवदीप ने भाला फेंक में निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से जीता सिल्वर, भारत की झोली में 29वां मेडल

Paris Paralympic 2024: सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर रेस में जीता ब्रॉन्ज मेडल, भारत की झोली में आया 28वां पदक

आखिरी बार अप्रैल 2023 में बजरंग पूनिया ने जीता था पदक, नौकरी छोड़ राजनीति में की एंट्री, देखें पहलवान की Networth

बृजभूषण सिंह ने विनेश फोगाट पर साधा निशाना, कहा- वह किसी दिन राहुल गांधी को भी फंसा सकती हैं...