सपा के दो और बसपा के एक विधान परिषद सदस्य का इस्तीफा, अखिलेश भड़के

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 29, 2017

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के दो और बसपा के एक सदस्य ने आज विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। परिषद के सभापति रमेश यादव ने बताया कि सपा के बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह ने तथा बसपा के ठाकुर जयवीर सिंह ने आज सदन की सदस्यता से इस्तीफे का पत्र सौंपा।

 

इस बीच, इस्तीफे की खबर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वह हाल ही में ईद पर बुक्कल नवाब से मिले थे। उन्हें इस बात पर हैरत है कि अचानक उनका (बुक्कल) हृदय परिवर्तन क्यों हो गया। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर राजनीतिक भ्रष्टाचार के बाद अब लगता है कि उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही होगा। जनता देख रही है कि क्या हो रहा है। जिन्हें जाना है, जाएंगे। उन्हें रोका नहीं जा सकता।

 

नवाब ने इस्तीफे के बाद कहा कि सपा में पिछले एक साल से उनका दम घुट रहा था। अगर बुलाया गया तो वह भाजपा नेतृत्व से मिलने को तैयार हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आज राजधानी पहुंचने के दिन ही तीन विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अपने पांच मंत्रियों के बारे में फैसला लेना है। पांचों ही विधान सभा या विधान परिषद दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। योगी के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा इस समय किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

प्रमुख खबरें

Paralympics 2024: नवदीप ने भाला फेंक में निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से जीता सिल्वर, भारत की झोली में 29वां मेडल

Paris Paralympic 2024: सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर रेस में जीता ब्रॉन्ज मेडल, भारत की झोली में आया 28वां पदक

आखिरी बार अप्रैल 2023 में बजरंग पूनिया ने जीता था पदक, नौकरी छोड़ राजनीति में की एंट्री, देखें पहलवान की Networth

बृजभूषण सिंह ने विनेश फोगाट पर साधा निशाना, कहा- वह किसी दिन राहुल गांधी को भी फंसा सकती हैं...