यूक्रेनी मिसाइल से काला सागर बेड़े मुख्यालय पर हमला, एक सैनिक लापता: रूस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 22, 2023

यूक्रेन ने रूस के काला सागर बेड़े के मुख्य मुख्यालय पर शुक्रवार को एक भीषण मिसाइल हमला किया और इसमें एक सैनिक लापता हो गया। सैन्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वीडियो और तस्वीरों में क्रीमिया के सेवस्तोपोल में इमारत के ऊपर धुएं का बड़ा गुबार देखा जा सकता है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने शुरू में कहा था कि एक सैनिक मारा गया, लेकिन फिर एक बयान जारी कर कहा कि वह लापता है। रूस द्वारा नियुक्त सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज्वोझायेव ने कहा कि मुख्यालय के बाहर कोई भी घायल नहीं हुआ। उन्होंने हताहत हुए अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अग्निशमनकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

यूक्रेनी सेना ने हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि यह सफल रहा। वायुसेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मायकोला ओलेशुक ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में पायलटों को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘हमने वादा किया था कि और भी कुछ होगा।’’ समाचार एजेंसी ‘तास’ की खबर के अनुसार बेड़े के मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एम्बुलेंस पहुंच गई हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेवस्तोपोल पर हमले का जवाब देते हुए रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने पांच मिसाइलों को नष्ट कर दिया। रज्वोझायेव ने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने बेड़े मुख्यालय पर प्रभाव का उल्लेख नहीं किया।

उन्होंने शुरू में सेवस्तोपोल के निवासियों को चेतावनी दी थी कि एक और हमला होने की आशंका है और उनसे इमारतों को छोड़ने का आग्रह किया था। बाद में उन्होंने कहा कि अब हवाई हमले का कोई खतरा नहीं है, लेकिन उन्होंने शहर के मध्य भाग में न जाने का आह्वान दोहराया। क्रीमिया पर हाल के कई हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले यूक्रेनी अधिकारियों ने तुरंत यह घोषणा नहीं की कि कीव ने हमला किया है।

रूसी मीडिया की खबर के अनुसार सेवस्तोपोल निवासियों ने कहा कि उन्होंने विस्फोटों की आवाज सुनी और आसमान में धुआं देखा। शुक्रवार का हमला यूक्रेन द्वारा हाल ही में क्रीमिया क्षेत्र में किए गए कई हमलों में से एक है। एक अन्य घटनाक्रम में, दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में जारी गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। क्षेत्रीय गवर्नर ऑलेक्जेंडर प्रोकुडिन ने यह जानकारी दी।

प्रमुख खबरें

Jharkhand में Amit Shah की हुंकार, घुसपैठिये कांग्रेस और JMM के वोटबैंक, एक-एक को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे

अजित पवार ने ईवाई की कर्मचारी की मौत मामले में चिंता व्यक्त की

कांग्रेस को ‘टुकड़े-टुकड़े गिरोह’, शहरी नक्सली चला रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी

Bengal Flood: ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, मांगी मदद, कहा- 2009 के बाद...