Prabhasakshi NewsRoom: क्या Pakistan से निबटने की जिम्मेदारी इस बार Indian Navy को मिलेगी? स्थितियां तो ऐसा ही संकेत दे रही हैं?

Indian Navy
ANI

हम आपको बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय नौसेना ने जिस तरह सशस्त्र समुद्री लुटेरों से निबटने के लिए कई सफल अभियान चलाकर वैश्विक समुद्री सुरक्षा में बड़ा योगदान दिया है उसकी पूरी दुनिया में सराहना हुई है।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और दुनिया को आश्वस्त कर चुके हैं कि आतंकवादियों और इस हमले के साजिशकर्ताओं को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा दी जायेगी। इसके बाद से इस बात को लेकर अटकलें चल रही हैं कि इस बार पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य अभियान सेना करेगी या वायुसेना अथवा नौसेना? हम आपको याद दिला दें कि उरी हमले के बाद भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एअर स्ट्राइक की थी। इसलिए अटकलें लग रही हैं कि क्या इस बार भारतीय नौसेना पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन करेगी?

हम आपको बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय नौसेना ने जिस तरह सशस्त्र समुद्री लुटेरों से निबटने के लिए कई सफल अभियान चलाकर वैश्विक समुद्री सुरक्षा में बड़ा योगदान दिया है उसकी पूरी दुनिया में सराहना हुई है। हम आपको याद दिला दें कि पिछले साल ही एक अभियान के तहत नौसेना ने 23 पाकिस्तानी नागरिकों को समुद्री लुटेरों के खिलाफ 12 घंटे से अधिक चले अभियान के बाद छुड़ाया था और तब पाकिस्तानियों ने भी भारत जिंदाबाद के नारे लगाये थे। इसके अलावा भी भारतीय नौसेना ने पाकिस्तानी तथा अन्य मूल के लोगों को समुद्री डाकुओं से बचाया है। गत वर्ष नौसेना के विशिष्ट समुद्री कमांडो ‘मार्कोस’ ने उत्तरी अरब सागर में अपहृत वाणिज्यिक जहाज के चालक दल को भी बचाया था। यह सब सफलताएं हमारे नौसैन्य बल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती ताकत को प्रदर्शित कर रही हैं। इसके अलावा, हाल के वर्षों में भारतीय नौसेना ने कई संयुक्त अभ्यास कर भी अपनी क्षमताओं में वृद्धि की है। 

इसे भी पढ़ें: Anytime Anywhere Anyhow... अरब सागर में Indian Navy का शक्ति प्रदर्शन, एंटी-शिप मिसाइल फायरिंग का सफल परीक्षण

दरअसल मोदी सरकार ने तीनों सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें आधुनिक सैन्य साजो सामान से लैस करने और नई-नई वैश्विक चुनौतियों से सबक लेते हुए रणनीतियां तैयार रखने की दिशा में काफी प्रयास किये हैं। नौसेना की शक्ति में इजाफे का मकसद सिर्फ समुद्री डकैतों से लड़ना नहीं बल्कि चीन द्वारा खड़ी की जा रही चुनौतियों का मुकाबला करना भी है। हम आपको बता दें कि भारत इस समय हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे बड़ी ‘रेजीडेंट’ नौसेना शक्ति हैं और हम किसी को भी इस क्षेत्र में सुरक्षा एवं स्थिरता को बाधित नहीं करने देने की स्थिति में हैं।

जहां तक नौसेना की तैयारियों की बात है तो आपको बता दें कि भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने लंबी दूरी के सटीक हमलों के लिए अपनी तैयारी को प्रदर्शित करते हुए रविवार को सफलतापूर्वक पोत विध्वंसक अभ्यास किया। नौसेना की युद्ध क्षमता का यह प्रदर्शन, पहलगाम आतंकवादी हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच हुआ है। भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के पोतों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए मंचों, प्रणालियों और चालक दल की तत्परता को पुनः प्रमाणित करने और प्रदर्शित करने के लिए पोत विध्वंसक अभ्यास सफलतापूर्वक किया।’’ नौसेना के बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना किसी भी समय, किसी भी स्थान पर, किसी भी तरह से राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करने को युद्ध के लिए तैयार है। भारतीय नौसेना ने समुद्र में 'लाइव फायरिंग' के वीडियो भी जारी किए, लेकिन यह विवरण नहीं दिया कि अभ्यास कब किया गया।

इसके अलावा, गत सप्ताह नौसेना के नवीनतम स्वदेशी गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत ने भी मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (MR-SAM) सिस्टम का सफल परीक्षण किया। हम आपको बता दें कि इस प्रणाली को भारत और इज़राइल ने संयुक्त रूप से विकसित किया है और यह सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों तथा हवाई खतरों को 70 किलोमीटर तक की दूरी पर नष्ट करने में सक्षम है। आईएनएस सूरत, जिसे जनवरी 2025 में कमीशन किया गया था, प्रोजेक्ट P15B के तहत बनाए गए विशाखापट्टनम श्रेणी के विध्वंसक जहाजों में अंतिम पोत है। 75% स्वदेशी सामग्री से बने इस पोत में ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलें, एआई एकीकरण, उन्नत रडार प्रणाली और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध क्षमताएं मौजूद हैं, जो भारत की बहु-क्षेत्रीय समुद्री शक्ति को और अधिक मजबूत बनाती हैं।

बहरहाल, पाकिस्तान में बैठे वहां के हुक्मरान टीवी समाचार चैनलों पर भले बड़ी-बड़ी बयानबाजी कर रहे हों लेकिन अगर उन्हें नये भारत का अर्थ समझना है तो पिछले साल उत्तरी अरब सागर में अपहृत वाणिज्यिक जहाज में सवार लोगों से भारतीय नौसेना की ताकत का अंदाजा पूछ सकते हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़