Jammu-Kashmir में मुठभेड़ में मारे गये सैन्य अधिकारियों को उपराज्यपाल ने श्रद्धांजलि दी

Jammu Kashmir
प्रतिरूप फोटो
ANI

अधिकारियों ने बताया कि दोनों दिवंगत सैन्य अधिकारियों के शवों को बाद में उनके गृहनगर ले जाया जाएगा। कर्नल सिंह पंजाब के मोहाली के और मेजर ढोंचक हरियाणा के पानीपत के रहने वाले थे।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सेना की 15 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने अनंतनाग जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष ढोंचक को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिन्हा और लेफ्टिनेंट जनरल घई तथा सेना के अधिकारियों ने यहां बादामीबाग छावनी इलाके में शहीद दो अधिकारियों के पार्थिव शरीर वाले ताबूत पर पुष्पचक्र अर्पित किये।

श्रद्धांजलि देने के बाद उपराज्यपाल सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘‘अनंतनाग में आतंकवाद विरोधी अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले मां भारती के वीर सपूतों कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष ढोंचक को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कृतज्ञ राष्ट्र हमेशा इन बहादुरों का ऋणी रहेगा।’’

इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि दोनों दिवंगत सैन्य अधिकारियों के शवों को बाद में उनके गृहनगर ले जाया जाएगा। कर्नल सिंह पंजाब के मोहाली के और मेजर ढोंचक हरियाणा के पानीपत के रहने वाले थे।

अधिकारियों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जायेगा। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकेरनाग के गडोले जंगलों में बुधवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बल के चार जवानों - 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सिंह, मेजर ढोंचक, पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट्ट और एक सैनिक - की मौत हो गयी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़