कर हस्तांतरण में कर्नाटक के साथ हुआ अन्याय, हम इसके खिलाफ लड़ेंगे : Shivakumar

Shivakumar
प्रतिरूप फोटो
ANI

डी. के. शिवकुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र ने कर हस्तांतरण में राज्य को कम धनराशि आवंटित करके अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार इसके खिलाफ लड़ेगी। शिवकुमार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधने के लिए राज्य के भाजपा सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर हमला बोला और इसे ‘‘शर्मनाक’’ करार दिया।

बेंगलुरु । कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र ने कर हस्तांतरण में राज्य को कम धनराशि आवंटित करके अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार इसके खिलाफ लड़ेगी। कर्नाटक की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधने के लिए राज्य के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर हमला बोला और इसे ‘‘शर्मनाक’’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और बिहार को अधिक (धन) दिया है। हमें आंध्र प्रदेश से भी कम दिया गया, जो कर में ज्यादा योगदान नहीं करता है। हम आने वाले दिनों में इसके खिलाफ लड़ेंगे और विरोध करेंगे।’’ 

शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ हम अपने कर, अपने अधिकार के लिए लड़ने के लिए एक कार्यक्रम तैयार करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने आवाज क्यों नहीं उठाई? ​​वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित राज्य से पांच केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद, वे चुप हैं, जबकि राज्य के साथ अन्याय हो रहा है। यह शर्मनाक है।’’ भाजपा ने राज्यों की जनसंख्या को करों के हस्तांतरण के लिए मानदंड के रूप में इस्तेमाल किए जाने तथा मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन)(संप्रग)सरकार के कार्यकाल से संबंधित आंकड़ों का हवाला दिया है। 

इस बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘आइए विधानसभा में इन सब पर चर्चा करें....अभी उन्हें हमारे साथ विरोध में शामिल होने दें।’’ केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकारों को 1,78,173 करोड़ रुपये का कर हस्तांतरण किया, जिसमें अक्टूबर 2024 के लिए देय नियमित किस्त के अलावा 89,086.50 करोड़ रुपये की एक अग्रिम किस्त भी शामिल है। अक्टूबर 2024 के लिए केंद्रीय करों और शुल्कों की शुद्ध आय के राज्यवार वितरण में कर्नाटक को 6,498 करोड़ रुपये मिले। राज्य सरकार द्वारा दशहरे पर दिये गए विज्ञापनों में इस्तेमाल किए गए ‘‘बुरी ताकतों’’ शब्द की विपक्ष ने आलोचना की है। इस बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने जो देखा है और जो जानकारी हमारे पास है, उसके आधार पर हमने लोगों के सामने अपनी भावनाएं व्यक्त करने की कोशिश की है। मैं अभी इतना ही कह सकता हूं। बाकी बातें विधानसभा में चर्चा करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़