अयोध्या में होटल कर्मचारी महिलाओं का नहाते हुए वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार

arrested
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

सुबह छह बजे नहाते समय उसने टिन शेड के ऊपर एक परछाई देखी। किसी को मोबाइल से वीडियो बनाते देख वह घबरा गयी, चीखने लगी और जल्दी से कपड़े पहनकर बाहर भाग गयी।

अयोध्या में राम मंदिर के गेट नंबर तीन से कुछ दूरी पर स्थित एक होटल में कार्यरत एक कर्मचारी को शुक्रवार सुबह महिलाओं के नहाने के दौरान वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी को होटल में नहा रही एक महिला का वीडियो बनाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें होटल में ठहरी महिलाओं के नहाने के कई और वीडियो मिले।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कर्मचारी की पहचान बहराइच जिले के निवासी सौरभ तिवारी (25) के रूप में हुई है। यह घटना राजा गेस्ट हाउस में हुई, जो राम मंदिर के गेट नंबर 3 से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है।

सुबह करीब छह बजे एक महिला श्रद्धालु नहा रही थी, तभी उसने आरोपी की परछाई देखी। उसे वीडियो बनाते हुए देखकर वह घबराकर चिल्लाते हुए बाथरूम से भाग गयी। उसकी चीख सुनकर अन्य मेहमान मदद के लिए दौड़े और आरोपी को सफलतापूर्वक पकड़ लिया।

इसके बाद उन्होंने उसे राम जन्मभूमि पुलिस के हवाले कर दिया। अधिकारियों ने उसके मोबाइल डिवाइस की जांच की तो उसमें महिलाओं के नहाते हुए कई वीडियो मिले।

पीड़िता ने बताया कि वह और उसके चार साथी बृहस्पतिवार को वाराणसी से राम मंदिर दर्शन के लिए आए थे। देर होने के कारण उन्होंने रात के लिए पास के राजा गेस्ट हाउस में दो कमरे बुक किए।

सुबह छह बजे नहाते समय उसने टिन शेड के ऊपर एक परछाई देखी। किसी को मोबाइल से वीडियो बनाते देख वह घबरा गयी, चीखने लगी और जल्दी से कपड़े पहनकर बाहर भाग गयी।

साथी मेहमान मौके पर पहुंचे और होटल कर्मचारी को वीडियो बनाते हुए पकड़ लिया और अधिकारियों को सूचना दी। अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह गंभीर मामला है।

सूचना मिलते ही आरोपी को पकड़ लिया गया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि होटल परिसर की भी गहन जांच की जा रही है। इस बीच अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने होटल को सील कर दिया है। एडीए सचिव सत्येंद्र सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की मंजूरी के बिना होटल का निर्माण किया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़