Holi 2025: देशभर में होली की धूम, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को दी बधाई

Holi
ANI
अंकित सिंह । Mar 14 2025 11:15AM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।

आज पूरे देश में होली की जबरदस्त धूम है। मथुरा, काशी, अयोध्या, जयपुर, मुंबई, पटना, कोलकाता सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में जबरदस्त तरीके से होली खेली जा रही है। होली के अवसर पर तमाम लोग देशवासियों को बधाई दे रहे हैं। राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम बड़े नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। 

इसे भी पढ़ें: Holi 2025: 14 मार्च को मनाई जा रही रंगो वाली होली, जानिए मुहूर्त और महत्व

राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की  सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को होली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को ‘‘एकता का संदेशवाहक’’ बताया। 

आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।’’ उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सैफई स्थित पार्टी कार्यालय में होली समारोह में शामिल हुए।

इसे भी पढ़ें: Chandra Grahan 2025: होली पर लग रहा साल का पहला खग्रास चंद्र ग्रहण, भारत में सूतक काल नहीं होगा मान्य

इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आशा किरण आश्रय गृह में बच्चों के साथ होली मनाई और कहा कि सरकार बच्चों के अभिभावक के रूप में उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करेगी। दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रवींदर इंद्राज सिंह के साथ मुख्यमंत्री गुप्ता ने बच्चों को मिठाइयां और चॉकलेट बांटी। उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने अधिकारियों को आश्रय गृह की सभी कमियों को दूर करने और यहां सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहिणी स्थित आश्रय गृह में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आश्रय गृह का संचालन करने वाले समाज कल्याण विभाग को इस समस्या के समाधान के लिए व्यवस्था करने का निर्देश दिया जाएगा। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़