हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए

Himachal Pradesh Education Board
प्रतिरूप फोटो
ANI

राज्य की परीक्षा में शामिल हुए कुल विद्यार्थियों में से 74.61 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 92 विद्यार्थियों में 72 लड़कियां हैं, जिन्होंने शीर्ष 10 स्थान हासिल किए हैं।

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपीबीओएसई) द्वारा मंगलवार को घोषित 10वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। राज्य की परीक्षा में शामिल हुए कुल विद्यार्थियों में से 74.61 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 92 विद्यार्थियों में 72 लड़कियां हैं, जिन्होंने शीर्ष 10 स्थान हासिल किए हैं। हाल ही में घोषित हिमाचल प्रदेश बोर्ड की 12वीं कक्षा के परिणामों में भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया था। 

दसवीं कक्षा के परिणाम में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों की सूची में सरकारी स्कूलों का प्रतिनिधित्व उल्लेखनीय है और निजी स्कूलों के 70 विद्यार्थियों की तुलना में सरकारी स्कूलों के 22 विद्यार्थियों ने शीर्ष 92 विद्यार्थियों की सूची में जगह बनाई है। हमीरपुर जिले के नादौन के एक सरकारी स्कूल की छात्रा रिद्धिमा शर्मा ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए 99.86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। 

इसे भी पढ़ें: पालघर में 15 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार, दो गिरफ्तार

दूसरे स्थान पर कांगड़ा जिले के न्यूगल स्कूल की कृतिका शर्मा हैं, जिन्होंने 99.71 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, जबकि शिवम शर्मा (बिलासपुर जिला), अद्विती टेक्टा (शिमला जिला) और रुशिल सूद (कांगड़ा जिला) ने 99.57 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। दो मार्च से 21 मार्च तक राज्य के 2,258 केंद्रों पर आयोजित की गई इस वर्ष की परीक्षा में कुल 91,130 छात्र उपस्थित हुए। नतीजे तय समय से 15 दिन पहले घोषित किए गए हैं। राज्य बोर्ड के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने कहा कि इस वर्ष परीक्षा परिणामों की समय पर घोषणा से दक्षता के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़