विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत नियुक्त

Arindam Bagchi
प्रतिरूप फोटो
ANI

इससे पहले, बागची क्रोएशिया में राजदूत तथा श्रीलंका में उप उच्चायुक्त रह चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में भी निदेशक के रूप में तथा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी काम किया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची को सोमवार को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1995 बैच के अधिकारी बागची ने मार्च 2021 में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का पदभार संभाला था और पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद, भारत की कोविड-19 रोधी प्रतिक्रिया और भारत की जी20 अध्यक्षता समेत कई अहम मुद्दों और घटनाक्रम पर दक्षतापूर्वक सरकार का पक्ष रखा।

बागची जिनेवा में इंद्र मणि पांडे का स्थान लेंगे जिनके नयी दिल्ली लौटने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘‘अभी विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अरिंदम बागची (आईएफएस :1995) को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में अगला राजदूत/भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की संभावना है।’’ ऐसी जानकारी है कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पद के लिए संयुक्त सचिव (जी20) नागराज नायडू ककानूर और मॉरिशस में उच्चायुक्त के नंदिनी सिंगला समेत करीब चार वरिष्ठ राजनयिकों के नाम पर विचार किया जा रहा है।

इससे पहले, बागची क्रोएशिया में राजदूत तथा श्रीलंका में उप उच्चायुक्त रह चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में भी निदेशक के रूप में तथा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी काम किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़