Sansad Diary: 18वीं लोकसभा के पहले सत्र का आगाज, शपथ ग्रहण के दौरान दिखी भाषाई विविधता की झलक

Lok Sabha
ANI
अंकित सिंह । Jun 24 2024 6:19PM

सत्र में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक द्वारा कई मुद्दों पर एनडीए सरकार पर निशाना साधने की उम्मीद है, जिसमें बढ़ती कीमतें, खाद्य मुद्रास्फीति, अभूतपूर्व गर्मी के कारण मौतें और एनईईटी यूजी, एनईईटी पीजी, यूजीसी नेट सहित परीक्षा प्रशासन में हालिया अनियमितताएं शामिल हैं।

18वीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित निचले सदन के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के साथ शुरू हुआ। इससे पहले दिन में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भाजपा विधायक भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई। 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का भी चुनाव किया जाएगा, इसके बाद अगले दिन 27 जून को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति मुर्मू का संबोधन होगा। सत्र 3 जुलाई को समाप्त होगा। 

इसे भी पढ़ें: भले ही उद्धव गुट को मिली ज्यादा सीटें, हमारा स्ट्राइक रेट काफी बेहतर रहा, लोकसभा में प्रदर्शन को लेकर बोले CM शिंदे

सत्र में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक द्वारा कई मुद्दों पर एनडीए सरकार पर निशाना साधने की उम्मीद है, जिसमें बढ़ती कीमतें, खाद्य मुद्रास्फीति, अभूतपूर्व गर्मी के कारण मौतें और एनईईटी यूजी, एनईईटी पीजी, यूजीसी नेट सहित परीक्षा प्रशासन में हालिया अनियमितताएं शामिल हैं। यह आम चुनावों के बाद 18वीं लोकसभा का पहला सत्र है, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 293 सीटें हासिल कीं, इंडिया ब्लॉक ने 234 सीटें हासिल कीं और कांग्रेस पार्टी ने उनमें से 99 सीटें हासिल कीं।

भाषाई विविधता की झलक

लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को जब शपथ ली तो भारत की भाषायी विविधता की झलक देखने को मिली। अधिकतर सदस्यों ने हिंदी में शपथ ली तो कई सदस्यों ने संस्कृत, असमिया, मैथिली, तेलुगू तथा पंजाबी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में सत्य और निष्ठा का प्रतिज्ञान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन सबसे पहले सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली और उन्होंने हिंदी में शपथ ली। उनके शपथ लेने के बाद सत्तापक्ष से कई सदस्यों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए। हिंदी में शपथ लेने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल थे। ओडिशा के संबलपुर से सांसद और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उड़िया में शपथ ली। जब वह शपथ लेने के लिए उठे तो विपक्षी सदस्यों ने ‘नीट-नीट’ के नारे लगाए। नागर विमानन मंत्री तथा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सदस्य राममोहन नायडू और भाजपा सांसद एवं कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने तेलुगू में, जनता दल सेक्यूलर नेता और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कन्नड में, जुएल ओरांव ने उड़िया में, सी आर पाटिल ने गुजराती में और सर्वानंद सोनोवाल ने असमिया में शपथ ग्रहण की। शांतनु ठाकुर और सुकांतो मजूमदार ने बांग्ला में तथा सुरेश गोपी ने मलयालम में शपथ ली। गोवा से भाजपा के सदस्य तथा विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक और मध्य प्रदेश के बैतूल से सदस्य निर्वाचित हुए केंद्रीय आदिवासी कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने संस्कृत में शपथ ली। बिहार के शिवहर से जनता दल (यूनाइटेड) की सांसद लवली आनंद, मधुबनी से भाजपा सांसद अशोक कुमार यादव, झंझारपुर से जदयू के रामप्रीत मंडल और दरभंगा से भाजपा सदस्य गोपालजी ठाकुर ने मैथिली में शपथ ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत सुषमा स्वराज की पुत्री और नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा की सदस्य बांसुरी स्वराज ने संस्कृत में शपथ ली। 

विपक्ष की ताकत

लोकसभा में सोमवार को सदस्यता की शपथ लेते समय कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने अपने हाथ में संविधान की प्रति ले रखी थी। विपक्षी सदस्य 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन की बैठक में संविधान की प्रति लेकर पहुंचे थे। असम के धुबरी से निर्वाचित कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ पढ़ी। बिहार के सासाराम से कांग्रेस के सदस्य मनोज कुमार ने भी अपने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ग्रहण की।

संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ ( इंडिया ) के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन सोमवार को संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे और एकजुटता प्रकट की। कार्यवाही आरंभ होने से पहले विपक्षी गठबंधन के सांसद संसद परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने संविधान की रक्षा हम करेंगे और तानाशाही नहीं चलेगी के नारे लगाए। इस दौरान सोनिया गांधी, खरगे, राहुल गांधी तथा द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई अन्य घटक दलों के सांसद मौजूद थे। 

इसे भी पढ़ें: NEET पेपर लीक से जल संकट तक, NDA के पहले 15 दिन में हुए 10 घटनाक्रमों को लेकर राहुल ने किया टारगेट

भर्तृहरि महताब बने प्रोटेम स्पीकर 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ सांसद भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर के पद की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रीजीजू सहित कई अन्य मंत्री उपस्थित थे। महताब ने हिन्दी में पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें बधाई दी। शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, उपराष्ट्रपति धनखड़ और अन्य नेताओं ने उन्हें बधाई दी। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़