AAP को नहीं भाया कांग्रेस का साथ, हरियाणा में 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान

AAP
ANI
अंकित सिंह । Jul 18 2024 2:56PM

मान ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने हमसे यहां चुनाव लड़ने की गुज़ारिश की और वह बदलाव चाहते हैं। हम आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव पूरी ताक़त से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति पंजाब और दिल्ली से काफ़ी मिलती-जुलती है। दोनों राज्यों से हरियाणा जुड़ा हुआ है।

आम आदमी पार्टी (आप) अक्टूबर में बिना किसी गठबंधन के अकेले हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पंजाब के सीएम भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह और डॉ. संदीप पाठक ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। भगवंत मान ने अपने बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी आज एक राष्ट्रीय पार्टी है। दो राज्यों में हमारी सरकार है। गुजरात और गोवा में हमारे विधायक हैं। हमें पूरे देश के लोग पसंद कर रहे हैं। हरियाणा के लोगों को इस बात का गर्व है कि उनके यहां के अरविंद केजरीवाल दिल्ली जाकर चुनाव लड़ते हैं और पूरे देश की राजनीति को बदल देते हैं। 

इसे भी पढ़ें: तिहाड़ जेल की रिपोर्ट को AAP ने किया खारिज, संजय सिंह बोले- भाजपा ने रचा केजरीवाल की ज़िंदगी से खिलवाड़ करने का षड्यंत्र

मान ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने हमसे यहां चुनाव लड़ने की गुज़ारिश की और वह बदलाव चाहते हैं। हम आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव पूरी ताक़त से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की संस्कृति पंजाब और दिल्ली से काफ़ी मिलती-जुलती है। दोनों राज्यों से हरियाणा जुड़ा हुआ है। हमारी आपस में रिश्तेदारियां भी हैं। हम यहां पूरी मेहनत से और एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। वहीं, संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में पूरी मज़बूती के साथ लड़ने का फ़ैसला किया है। यहां पिछले 10 वर्षों से BJP के ‘डबल इंजन’ की सरकार है, जिसने राज्य को बर्बाद कर दिया है। 

राज्यसभा सांसद ने कहा कि इस डबल इंजन की सरकार में किसानों, युवाओं पर लाठियां बरसाई गई हैं। हरियाणा को फिरौती का राज्य बना दिया है। हरियाणा के नौजवान गर्व के साथ सेना में भर्ती होते हैं और हंसते-हंसते अपनी शहादत देते हैं लेकिन अग्निवीर योजना लाकर उनका अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों को आम आदमी पार्टी से उम्मीद है। हमने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया है। दिल्ली के काम की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। हरियाणा के हाल को बदलने के लिए इस बार हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मौक़ा देगी और खट्टर-सैनी के इंजन को बदलेगी। आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी सीटों पर मज़बूती से चुनाव लड़ेगी।

इसे भी पढ़ें: केजरीवाल के स्वास्थ्य के साथ BJP कर रही खिलवाड़? AAP के आरोप पर तिहाड़ प्रशासन का आया जवाब

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में ऐसा चुनाव लड़ेगी कि दुनिया देखेगी। ऐसा चुनाव ना कभी हरियाणा में लड़ा गया होगा और ना ही लड़ा जाएगा। हम यहां सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। हम अब तक 6500 गांव में बदलाव जनसंवाद कर चुके हैं। इसमें जनता हमसे यही कह रही है कि कैसे भी बदलाव लेकर आइए। हरियाणा की जनता अपने बेटे केजरीवाल की तरफ़ बड़ी उम्मीद से देख रही है। आप नेता संदीप पाठक ने कहा, "जनता बदलाव चाहती है और आप बदलाव के लिए तैयार है। हम अपनी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और इस बार नतीजे अच्छे होंगे।"

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़