भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 10 साल में 86 प्रतिशत बढ़कर 360 अरब यूनिट: Pralhad Joshi

Pralhad Joshi
प्रतिरूप फोटो
ANI

प्रल्हाद जोशी ने कहा कि देश में पिछले 10 साल में हरित स्रोतों से बिजली उत्पादन 86 प्रतिशत बढ़कर 360 अरब यूनिट रहा है। इसके साथ भारत एकमात्र जी-20 देश है जिसने अपने जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले पूरा किया है। ऊर्जा मंत्री ने जर्मनी में चल रहे ‘हैम्बर्ग सस्टेनेबिलिटी’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

नयी दिल्ली । केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि देश में पिछले 10 साल में हरित स्रोतों से बिजली उत्पादन 86 प्रतिशत बढ़कर 360 अरब यूनिट रहा है। इसके साथ भारत एकमात्र जी-20 देश है जिसने अपने जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले पूरा किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने जर्मनी में चल रहे ‘हैम्बर्ग सस्टेनेबिलिटी’ सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। जोशी ने कहा कि भारत ने 2014 के बाद से अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है। 

यह 175 प्रतिशत बढ़कर आज 208 गीगावाट से अधिक हो गई है, जो उस समय 75 गीगावाट थी। कुल नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन 86 प्रतिशत बढ़कर 360 अरब यूनिट हो गया जो पहले 193.5 अरब यूनिट था। उन्होंने कहा, ‘‘भारत एकमात्र जी-20 देश है जिसने अपने जलवायु लक्ष्यों को समय से पहले पूरा किया है। हमने जी-20 देशों में प्रति व्यक्ति उत्सर्जन सबसे कम होने के बावजूद यह लक्ष्य हासिल किया है।’’ 

मंत्री ने कहा कि भारत अपने बंदरगाह बुनियादी ढांचे को भी उन्नत कर रहा है। इसका मकसद हाइब्रिड मॉडल का उपयोग करके हरित शिपिंग ईंधन और जहाजों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, टिकाऊ समुद्री परिवहन की जरूरत बहुत महत्वपूर्ण हो गई है। भारत सरकारी पहल, तकनीकी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से प्रेरित होकर हरित शिपिंग क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है।’’ जोशी ने भारत के महत्वाकांक्षी हरित हाइड्रोजन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए क्षेत्र की वैश्विक कंपनियों को आमंत्रित भी किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़