By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 07, 2023
दक्षिणी दिल्ली में रविवार देर रात दिल्ली पुलिस के फर्जी स्टीकर वाली तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि कार चला रहे विनय कुमार को अर्चना रेड लाइट इलाके के पास से नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पेशे से फाइनेंसर है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल हरीश (56), रेखा (46), सीमा (46) और नीतू (45) को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था जहां नीतू की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ग्रेटर कैलाश थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।