By अभिनय आकाश | Jul 04, 2024
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय को अपने घर के बाथरूम में गिरने और बेहोश होने के बाद कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उनके बेटे शुभ्रांशु रॉय ने इस बात की जानकारी दी। बुधवार शाम बाथरूम में फिसलने से मुकुल रॉय के सिर में चोट लग गई। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी हालत स्थिर लेकिन नाजुक है और चौबीसों घंटे उनकी निगरानी के लिए डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है। न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से पीड़ित 70 वर्षीय नेता ने बेहोश होने से पहले उल्टी भी की थी।
अधिकारी ने बताया कि आवश्यक चिकित्सा परीक्षण किए गए हैं और हम उपचार के अगले तरीके पर निर्णय लेने के लिए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। सुभ्रांग्शु रॉय ने कहा कि बाबा घर पर बाथरूम जाते समय गिर गए। उनके सिर में चोट लगी। उन्हें उल्टी हुई और वे बेहोश हो गए। हम उन्हें अस्पताल ले गए। डिमेंशिया से पीड़ित मुकुल रॉय तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। वह 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कृष्णानगर उत्तर सीट से जीत हासिल की थी। हालाँकि, बाद में वह तृणमूल कांग्रेस में लौट आये।