Haryana Elections 2024 । कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची में कुछ दागी चेहरे हैं, भाजपा नेता अनिल विज का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 08, 2024

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने रविवार को दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पांच अक्टूबर को जारी 32 उम्मीदवारों की पहली सूची में कुछ दागी चेहरे हैं और लोगों को पता है कि ऐसे लोगों के हाथों में सत्ता देना ‘बहुत खतरनाक हो सकता है।’ इकहत्तर-वर्षीय विज ने यह भी भरोसा जताया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में सत्ता बरकरार रखेगी। छह बार के विधायक एवं पूर्व मंत्री ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को जारी कांग्रेस की सूची देखी है। विज ने कहा, ‘‘इसमें कुछ दागी चेहरे भी शामिल हैं।’’


अंबाला छावनी के विधायक विज ने कहा, ‘‘और मतदाताओं को पता है कि ऐसे लोगों के हाथों में सत्ता देना बहुत खतरनाक हो सकता है।’’ कांग्रेस ने सभी 28 मौजूदा विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया है। विज ने कहा, ‘‘उनमें से एक (कांग्रेस की सूची में)- सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार, ईडी द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद से जेल में हैं।’’ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध खनन से जुड़े धनशोधन मामले में पंवार को जुलाई में गिरफ्तार किया था।

 

इसे भी पढ़ें: Haryana Elections 2024 । जुलाना में विनेश फोगाट ने शुरू किया चुनाव प्रचार, लगा पाएंगी जीत का दांव?


भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘इस सूची में पंवार अकेले दागी नहीं हैं। यहां तक ​​कि (गढ़ी सांपला-किलोई से फिर से उम्मीदवार बनाये गये) भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मुकदमों का सामना कर रहे हैं। पार्टी के (फिरोजपुर झिरका) विधायक मम्मन खान पर नूंह हिंसा के सिलसिले में मामला चल रहा है।’’ खान को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था। विज ने कहा, ‘‘समालखा से एक और कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोकर को फिर से टिकट दिया गया है, जो ईडी मामले का सामना कर रहे हैं... यही कांग्रेस का चेहरा है।’’


विज ने किसानों के मुद्दों पर भी कांग्रेस पर हमला किया। विज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों की हितैषी होने का दावा करती है, ‘लेकिन उसी के शासनकाल में किसानों को भूमि अधिग्रहण के नोटिस दे दिए जाते थे, उनकी जमीनें कौड़ियों के भाव अधिगृहीत की जाती थीं और फिर बिल्डर को सौंप दी जाती थीं’’। उन्होंने दावा किया, ‘‘मैं कई किसानों से मिला और उन्होंने कहा कि वे (लोग) डर के साये में रहते थे, उन्हें नहीं पता होता था कि कब उनकी जमीन छीन ली जाएगी।’’ विज ने कहा, ‘‘कथनी और करनी में अंतर होता है। किसानों के साथ इसने (कांग्रेस ने) जो कुछ किया है, यह सब दस्तावेज में दर्ज है।’’


भाजपा के ‘‘किसान विरोधी’’ होने के कांग्रेस के दावे के बारे में पूछे जाने पर पूर्व मंत्री ने परिहास किया, ‘‘यह उसका दुष्प्रचार है। लोग इस पर विश्वास नहीं करते।’’ इस बीच, पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखेगी। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएंगे।’’ विज ने चुनावों में भाजपा के बारे में उनके आकलन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि चुनाव ‘‘मुख्य दलों के बीच सीधा मुकाबला’’ होगा। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) सहित अन्य दलों के प्रभाव पर उन्होंने कहा, ‘‘क्षेत्रीय दल लगभग समाप्त हो चुके हैं। मुकाबला मुख्य दलों के बीच है।’’

 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस में शामिल होंगे जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे वाले गायक Kanhaiya Mittal, लड़ेंगे हरियाणा चुनाव


विज ने राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) की संभावनाओं को भी खारिज कर दिया। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए विज ने कहा, ‘‘उनका दीपक तो दिल्ली में बुझ गया और बुझे हुए दीपक से नया दीपक जलाया नहीं जा सकता।’’ केजरीवाल फिलहाल आबकारी नीति मामले में जेल में हैं। इस बीच, विज ने अंबाला छावनी में अपने अभियान के बारे में कहा, ‘‘मैं अपना सातवां चुनाव लड़ने जा रहा हूं। मेरा अभियान लोगों द्वारा चलाया जाता है, जैसा कि हमेशा होता आया है।’’


भाजपा सरकार में कई विभाग संभाल चुके पूर्व मंत्री विज ने अंबाला का जिक्र करते हुए कहा कि अंबाला छावनी में विकास परियोजनाओं की एक व्यापक शृंखला स्थापित की गई है, ‘‘जिसमें 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को समर्पित एक भव्य शहीदी स्मारक भी शामिल है।’’ उन्होंने कहा कि अन्य सुविधाओं में एक नया अस्पताल और एक कैंसर चिकित्सा सुविधा, एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल स्टेडियम, सभी मौसमों के अनुकूल स्विमिंग पूल, जिमनास्टिक हॉल, सरकारी कॉलेज, बस स्टैंड, मिनी सचिवालय और कई लेवल की कार पार्किंग भी शामिल हैं।


उन्होंने कहा, ‘‘अंबाला भूजल की कमी के कारण एक डार्क जोन में चला गया था। मैंने सुनिश्चित किया कि इसे नहर का पानी मिले, एक नई अनाज मंडी बनी, एक विज्ञान केंद्र बन रहा है, हम एक बैंक स्क्वायर कॉम्प्लेक्स, फायर ब्रिगेड बिल्डिंग और होम्योपैथिक कॉलेज बना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर एक सुंदर पार्क तीन साल पहले बनाया गया था। विज ने कहा कि घरेलू हवाई अड्डे का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है और इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।


उन्होंने कहा, ‘‘अंबाला-साहा रोड को चार लेन का बनाया गया, मैंने अंबाला में एक रिंग रोड बनवाया, जबकि अंबाला से शामली होते हुए वैकल्पिक सड़कें और अंबाला से पोंटा साहिब तक एक और सड़क बन रही है।’’ विज ने कहा, ‘‘ऐसा कोई मोहल्ला या गांव नहीं है, जहां विकास नहीं पहुंचा हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमेशा से मेरा नारा यही रहा है, काम किया है, काम करेंगे।’’ नब्बे-सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

प्रमुख खबरें

दोस्त इजरायल के लिए भारत ने कर दिया बड़ा काम, देखते रह गए 193 देश

Nawada Fire: CM Nitish के निर्देश के बाद पुसिल का एक्शन, 16 लोगों को किया गिरफ्तार, पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग

Ukraine पहुंचे भारत के हथियार, रूस हो गया इससे नाराज, विदेश मंत्रालय ने मीडिया रिपोर्ट को बताया भ्रामक

Waqf Board case: आप विधायक अमानतुल्लाह खान की याचिका, दिल्ली हाईकोर्ट ने ईडी से रिपोर्ट मांगी