Pakistan की यात्रा करने वाली ठाणे की महिला को पहले प्रयास में नहीं मिल पाया था वीजा : Police

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 26, 2024

फर्जी कागजात के जरिए पासपोर्ट और वीजा हासिल कर पाकिस्तान की कथित तौर पर यात्रा करने वाली ठाणे की 23 वर्षीय महिला अपने पहले प्रयास में कामयाब नहीं हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति से अलग हो गई है और वह ठाणे में अपनी मां के साथ रहती है। अधिकारी ने कहा, ‘‘उसकी पाकिस्तान के एक व्यक्ति से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी, जिसके बाद उसने उससे मिलने के लिए वीजा हासिल करने की कोशिश की, लेकिन विवाह के दस्तावेज नहीं होने के चलते शुरुआत में नाकाम रही।’’

उन्होंने बताया कि बाद में, महिला ने पाकिस्तानी व्यक्ति से डिजिटल माध्यम से शादी की और पाकिस्तान गई, जहां फिर से शादी की। ठाणे पुलिस ने इस बारे में विवरण जुटाने के बाद जांच शुरू की।

अधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण जानकारी हासिल होने के बाद वे कार्रवाई करेंगे। पुलिस, महिला के पाकिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट और वीजा हासिल करने को लेकर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज बनाने की जांच कर रही है। उसने महिला और एक व्यक्ति के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है जिसने उसे फर्जी दस्तावेज बनाने में मदद की थी।

अधिकारी ने बताया कि हालांकि, महिला पाकिस्तान से ठाणे लौट आई। उन्होंने बताया कि और भी जांच एजेंसियां मामले की तफ्तीश कर रही है। वर्तक नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि महिला की पहचान नगमा नूर मकसूद अली उर्फ सनम खान के रूप में हुई है।

उसने अपना नाम बदल लिया और ‘आधार’ एवं ‘पैन’ कार्ड तथा अपनी बेटी का जन्म प्रमाणपत्र लोकमान्य नगर में एक केंद्र से हासिल किया। उसने इन दस्तावेजों को अपने पासपोर्ट के लिए आवेदन के साथ संलग्न किया था।

इस बीच, महिला की मां ने अपनी बेटी का बचाव करते हुए कहा कि उसने यात्रा के लिए असली कागजात जमा किये थे, जिनमें उसके विवाह का दस्तावेज भी शामिल है। उन्होंने बताया कि उसने विवाद से बचने के लिए ऑनलाइन अपना नाम बदला था।

प्रमुख खबरें

Women Health Care: कितने महीनों तक बच्चे के लिए ब्रेस्टफीडिंग है जरूरी, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Kejriwal के इस्तीफे से पहले LG करेंगे बड़ा गेम! दिल्ली में लगेगा राष्ट्रपति शासन?

Delhi का अगला सीएम कौन? वरिष्ठ नेताओं के साथ केजरीवाल की वन-टू-वन चर्चा, कल विधायक दल की बैठक

कोलकाता: CM ममता बनर्जी और डॉक्टरों के बीच बैठक, क्या है पंचसूत्रीय मांग