प्रधानमंत्री ओली का राजशाही समर्थकों पर कटाक्ष: नेपाल के लोकतंत्र में ‘रिवर्स गियर’ नहीं

FacebookTwitterWhatsapp

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 17, 2025

प्रधानमंत्री ओली का राजशाही समर्थकों पर कटाक्ष: नेपाल के लोकतंत्र में ‘रिवर्स गियर’ नहीं

नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने राजशाही समर्थक समूहों पर कटाक्ष करते हुए रविवार को कहा कि लोकतंत्र एक ‘राजमार्ग’ की तरह है, जिसमें कोई ‘रिवर्स गियर’ नहीं होता, केवल कभी-कभार तीखे मोड़ के कारण क्षणिक रूप से गति धीमी करनी पड़ती है। उन्होंने इसके साथ ही आगे बढ़ने पर जोर दिया।

पिछले हफ्ते पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह के सैकड़ों समर्थकों ने राजधानी में उनके स्वागत में रैली निकाली थी। ज्ञानेंद्र (77) पिछले सप्ताह रविवार को जैसे ही देश के विभिन्न भागों में धार्मिक स्थलों का दर्शन कर पोखरा से काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाने शुरू कर दिए।

इस रैली का उद्देश्य नेपाल में राजशाही की पुनः स्थापना के प्रति समर्थन प्रदर्शित करना था। ओली ने रविवार को यहां महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन 2025 को संबोधित करते हुए राजशाही समर्थक समूहों द्वारा हाल ही में किए गए विरोध प्रदर्शनों की ओर इशारा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें हमेशा आगे बढ़ने की जरूरत है। पीछे मुड़ना नहीं चाहिए। रिवर्स गियर (वाहन को पीछे ले जाने में सक्षम) कभी-कभी तब लगाया जाता है जब सड़क पर तीखे मोड़ हों। राजमार्ग पर कोई ‘बैक गियर’ नहीं है और लोकतंत्र हमारा राजमार्ग है।’’

पूर्व राजा के समर्थक गत कई दिनों से काठमांडू और पोखरा सहित देश के विभिन्न हिस्सों में रैलियां निकाल रहे हैं और 2008 में समाप्त की गई राजशाही को पुनः बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

राजतंत्र समर्थक फरवरी में लोकतंत्र दिवस के बाद तब सक्रिय हुए जब ज्ञानेन्द्र ने कहा था, ‘‘समय आ गया है कि हम देश की रक्षा करने और राष्ट्रीय एकता लाने की जिम्मेदारी लें।

प्रमुख खबरें

MI vs KKR: अजिंक्य रहाणे ने बल्लेबाजों को ठहराया हार का जिम्मेदार, बताया कहां हुई चूक

IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का लाखों का नुकसान, मैच जीतने के बाद भी लगा जुर्माना

IPL 2025 MI vs KKR: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की आईपीएल 2025 की पहली जीत, कोलकाता नाइट राइडर्स की लगातार दूसरी हार

इन तरीकों से WWE Wrestle Mania 41 में Jacob Fatu बन सकते हैं टाइटल मैच का हिस्सा, जानें पूरी जानकारी